Monday, May 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरक्षाबंधन: रोडवेज बसों में 21 अगस्त की मध्य रात्रि से महिलाएं कर...

रक्षाबंधन: रोडवेज बसों में 21 अगस्त की मध्य रात्रि से महिलाएं कर सकेंगी मुफ्त यात्रा

– उप्र परिवहन निगम ने रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं और बहनों के मुफ्त यात्रा का निर्देश किया जारी

– 21 अगस्त की रात्रि 12 बजे से 22 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक महिलाओं और बहनों के लिए मुफ्त यात्रा मान्य

– सभी बसों में सीट की क्षमता के अनुसार यात्रियों को बैठाने का निर्देश

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं और बहनों को सभी श्रेणी की बसों में मुफ्त यात्रा कराए जाने का निर्देश गुरुवार को जारी कर दिया है। महिलाएं और बहनें 21 अगस्त की रात्रि 12 बजे से 22 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक रोडवेज बसों में नि:शुल्क (मुफ्त) सफर कर सकेंगी।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक धीरज साहू के निर्देश पर अपर प्रबंध निदेशक सरनीत कौर ब्रोका ने रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं और बहनों के नि:शुल्क यात्रा के लिए प्रदेश के सभी क्षेत्रीय प्रबन्धकों,सेवा प्रबन्धकों,सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धकों को निर्देश भेज दिया है। परिवहन निगम की सभी श्रेणी की बसों में रक्षाबन्धन के पर्व पर 21 अगस्त की रात्रि 12 बजे से 22 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक महिलाएं और बहनें मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान महिला यात्रियों से किराया नहीं लिया जायेगा।

महिलाओं की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा के दौरान कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक बस में सीट क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाया जाएगा। यात्रियों की अधिकता होने पर त्वरित गति से अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। रक्षाबंधन के दिन बस में सामान्य यात्री और महिला यात्री दोनों सफर करेंगे। इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन (ईटीएम) की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसलिए निःशुल्क यात्रा के लिए समस्त बसों में मैनुअल टिकट बनाये जायेंगे। जिनकी प्रविष्टि मार्ग पत्र में की जायेगी। इसके अलावा जिन महिलाओं ने रक्षाबंधन के दिन ऑनलाइन टिकट की अग्रिम बुकिंग कराई है। उनके टिकट का पैसा रोडवेज प्रशासन आगामी तीन दिन यानी 72 घंटों के भीतर खाते में भेज देगा।

रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों के संचालन के लिए रूट प्लान तैयार

परिवहन निगम प्रशासन ने लखनऊ के आसपास के जिलों के लिए रूट प्लान तैयार किया है। जहां रक्षाबंधन के पर्व पर सर्वाधिक महिलाएं और बहनें राखी बांधने के लिए जाती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के तहत परिवहन निगम प्रशासन की कोशिश है कि रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं को गंतव्य तक आसानी से पहुंचाया जाए। परिवहन निगम लम्बी दूरी की सेवाओं के साथ-साथ लखनऊ से चलने वाली जनपदीय सेवाओं को ज्यादा तरजीह देगा। ताकि आसपास के जिलों को जाने वाली महिला यात्रियों को किसी भी तरह की दिक्कतें न होने पाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular