मेरठ (हि.स.)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के ऊंचा सद्दीकनगर में दो लाख रुपए की रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी पर जानलेवा हमला किया गया। इस दौरान गोली लगने से कारोबारी घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बुलंदशहर जनपद के गुलावठी निवासी हिस्ट्रीशीटर सिराज इस समय जिला बदर चल रहा है। फिलहाल वह मेरठ जनपद के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित ऊंचा सद्दीकनगर में अपनी रिश्तेदारी में रह रहा है। सद्दीकनगर निवासी कपड़ा कारोबारी परवेज का आरोप है कि सिराज काफी समय से उससे दो लाख रुपए की रंगदारी मांग रहा था। परवेज ने आरोपित सिराज को रुपए देने से इनकार कर दिया था। इसी कारण हिस्ट्रीशीटर गुरुवार देर रात परवेज के घर पहुंच गया। उसने परवेज को घर से बाहर बुला लिया औरउससे रुपए मांगने लगा। जब परवेज ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस पर परवेज का दोस्त सोफा कारोबारी मोहम्मद वशी उसे बचाने के लिए दौड़ा। परवेज किसी तरह से वहां से भाग निकला तो आरोपितों ने मोहम्मद वशी के साथ मारपीट की। जब वह भागने लगे तो आरोपितों ने उसे गोली मार दी। सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने घायल वशी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डॉ. कुलदीप/सियाराम
