Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार में सपाइयों के हुए उत्पीड़न का बदला लेगी सपा :...

योगी सरकार में सपाइयों के हुए उत्पीड़न का बदला लेगी सपा : जूही सिंह

-संगठन को धार देने चित्रकूट पहुंचने पर सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता जूही सिंह का स्वागत

चित्रकूट (हि.स.)। चित्रकूट के दौरे पर आयी समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रवक्ता जूही सिंह ने सोमवार को कहा कि योगी सरकार में सपा कार्यकर्ताओं का शोषण और उत्पीड़न हुआ है। अखिलेश सरकार बनने पर सबका हिसाब लिया जायेगा।

सोमवार को चित्रकूट पहुंचने पर सपा कार्यालय में महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह का जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने स्वागत किया।

इसके बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद महंगाई चरम पर है। डीजल,पेट्रोल,गैस सिलेंडर आदि के दामों में हुई बेतहाशा बढ़ोत्तरी ने देश के गरीबों की कमर तोड़ दी है।

योगी सरकार पर हमला बोलते हुए जूही सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में यूपी के विकास का पहिया थम गया है। सरकार का जनता की सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी समस्याओं से कोई वास्ता नहीं रहा है। हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति कर जनता को मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अखिलेश यादव के शासनकाल में हुए विकास कार्यो को अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाकर फीता काट रही है। कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप रोक पाने में प्रदेश की योगी सरकार पूरी तरह से फेल रही है। अस्पतालों में ऑक्सीजन नहीं मिल रही थी। श्मशान घाट और कब्रिस्तानों का भयावह दृश्य लोग भूले नहीं हैं।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए जूही सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुट जाये। दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनकर रहेगी।

इस मौके पर पूर्व मंत्री व्यास जी गौड,पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल,पूर्व वरिष्ठ सपा नेता डा. निर्भय सिंह पटेल,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिव शंकर सिंह यादव,मैना यादव, सत्यनारायण पटेल,मो. गुलाब खां,फराज खां,महिला नेत्री रामबाई वर्मा,बैली देवी निषाद आदि सैकड़ों सपाई मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular