-प्रयागराज महानगर में हुआ जन विश्वास यात्रा का भव्य स्वागत
प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर प्रदेश आज भारतीय राजनीति में पुनः अपना गौरवपूर्ण स्थान बना चुका है। उस स्थान को बनाए रखने के लिए प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को समर्थन दे रही है और भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
यह बातें केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने शुक्रवार की शाम जन विश्वास यात्रा के प्रयागराज पहुंचने पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। भाजपा की जन विश्वास यात्रा सायंकाल प्रयागराज महानगर के सीमा क्षेत्र पर पहुंचते ही महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी के नेतृत्व में लेप्रोसी चौराहे पर स्वागत किया गया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे केंद्रीय मंत्री डॉ. पांडेय का महानगर की ओर से अभिनंदन किया गया।
डॉ. पांडेय ने कहा कि 19 दिसंबर को प्रदेश के 6 शहरों से जन विश्वास यात्रा निकाली गई है और जगह-जगह इसका भव्य स्वागत किया जा रहा है। यात्रा में लोगों की सहभागिता और भरोसा दिखाई दे रहा है। योगी सरकार ने पौने 5 वर्षों में जिस तरह से विकास कार्य किए हैं, उसको देखते हुए जनता का अपार जनसमर्थन पार्टी को मिल रहा है। भाजपा ने योगी की अगुवाई में पौने 5 वर्षों में जनता की सेवा की है। बेहतर कानून व्यवस्था के साथ एक अच्छी सरकार दी है। जनता उस पर शत-प्रतिशत विश्वास कर रही है। प्रदेश सरकार पर मोदी जी का भी आशीर्वाद है और यह डबल इंजन की सरकार प्रदेश की बेहतर सेवा कर रही है। उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया चाहे जितना जिन्ना का जिन्न जगा लें उसको जनता और भाजपा के कार्यकर्ता उसे बोतल में भरकर फेंक देंगे।
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी व सांसद विनोद कुमार सोनकर, केसरी देवी पटेल, रीता बहुगुणा जोशी और महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी एवं विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने कहा कि प्रदेश की सरकारी गुंडाराज का अंत किया और जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन के सरकार के साथ खड़ी है। यह जन विश्वास यात्रा विपक्षियों के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम करेगी।
यात्रा का स्वागत करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि यूपी जनता की है ललकार, अबकी बार 300 पार, फिर से बनेगी भाजपा की सरकार। भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि प्रयागराज महानगर में जन विश्वास यात्रा का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा प्रयागराज महानगर में लेप्रोसी चौराहा से होते हुए बांगड़ धर्मशाला, अलोपीबाग, मटियारा रोड, लेबर चौराहा अल्लापुर, अल्लापुर पुलिस चौकी होते हुए बालसन चौराहा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पार्क पर माल्यार्पण करते हुए मेडिकल चौराहा होते हुए रामबाग, कोठा पारचा, राम भवन बहादुरगंज, लोकनाथ, नखास कोना, यूनानी मेडिकल खुल्दाबाद कर्बला चौराहा होते हुए महिला ग्राम पर समाप्त होगी।
यह यात्रा महानगर के तीनों विधानसभा के मार्ग से गुजरी। इस यात्रा के स्वागत के लिए भाजपा महानगर द्वारा यात्रा मार्ग पर होर्डिंग, बैनर, झंडे, गुब्बारे लगाकर सजाया गया और स्वागत मंच के माध्यम से यात्रा में चल रहे लोगों के ऊपर पुष्प वर्षा करते हुए एवं महिला मोर्चा द्वारा अक्षत टीका लगाकर आरती उतार कर स्वागत किया गया। यात्रा के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मवीर प्रजापति, सांसद विनोद सोनकर, रीता बहुगुणा जोशी, केसरी देवी पटेल, सुशील त्रिपाठी, धर्मेंद्र सिंह, रमाशंकर पटेल रहे।
