Saturday, April 4, 2026
Homeराष्ट्रीययूपी कालेज कृषि विज्ञान के छात्रों ने एकेडमिक मांग को लेकर दिया...

यूपी कालेज कृषि विज्ञान के छात्रों ने एकेडमिक मांग को लेकर दिया धरना

छात्रों का आरोप,प्रबंधन के लचर रवैये के कारण आईसीएआर मानक में नही आते

वाराणसी (हि.स.)। उदय प्रताप कॉलेज परिसर सोमवार को विद्यार्थियों के धरना प्रदर्शन से पूरे दिन गरमाया रहा। कालेज के मुख्य द्वार को बंद कर कृषि विज्ञान के छात्रों ने एकेडमिक मांग को लेकर जमकर धरना दिया। कालेज छात्रसंघ के पदाधिकारी भी उनके समर्थन में धरने में डटे रहे।

कालेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी के बीच छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन के लचर रवैये के कारण भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (आईसीएआर) के मानक में वे नही आते। मान्यता न होने के कारण छात्र आईसीएआर की ओर से आयोजित कृषि विश्वविद्यालयों में होने वाले यूजी, पीजी और रिसर्च प्रवेश परीक्षा में बैठने के योग्य नहीं हैं। छात्रों ने कहा कि आईसीएआर ने 2017 में सभी कृषि विश्वविद्यालय और संस्थानों के लिए एक्रिडेशन कराना अनिवार्य कर दिया है। मगर, यूपी कॉलेज में इतना बड़ा कृषि विज्ञान का सेंटर है लेकिन अब तक मान्यता नहीं ली गई। पिछले साल के यहां पास आउट हुए छात्र आईसीएआर के रिसर्च प्रवेश परीक्षा में नहीं बैठ पाए थे।

धरनारत छात्रों ने बताया कि यूपी कालेज से बीएससी एजी करने के बाद हम बीएचयू में प्रवेश नहीं ले सकते हैं। ऐसे में कॉलेज प्रशासन को इस बारे में सोचना होगा। छात्रों ने दो टूक कहा कि जब तक मान्यता नहीं हो जाती, हम क्लास नहीं चलने देंगे। छात्रों ने बताया कि पहले भी वे अपनी मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर चुके है। उस दौरान कालेज प्रबंधन और प्राचार्य ने एक सप्ताह के अंदर कार्यवाही करने का आश्वासन लिखित में दिया था। मगर आज तक इसे पूरा नही किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular