Wednesday, April 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयुवक की हत्या कर शव नाली में फेंका, दोस्तों पर आरोप

युवक की हत्या कर शव नाली में फेंका, दोस्तों पर आरोप

-हत्या से पहले दोस्तो के साथ पी थी शराब

फिरोजाबाद (हि.स.)। उत्तर थाना क्षेत्रांन्तर्गत शनिवार को एक युवक का शव नाली में पड़ा मिला है। उसकी हत्या कर शव को नाली में फेंका गया है। परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपितों की तलाश में जुट गई है।

थाना उत्तर थानाक्षेत्र के मुहल्ला इंद्रपुरी निवासी विजय गोस्वामी उर्फ समोज (48) शव शनिवार को एक नाली में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों के साथ आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा, एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी हरीमोहन सिंह ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य को एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पत्नी मंजू ने बताया कि वह अपने पति सनोज और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती है। मकान में एक कमरा नीचे और एक ऊपर है। शुक्रवार रात कुछ मित्र पति से मिलने के लिए घर पर आए थे। सभी ने नीचे के कमरे में बैठकर शराब पी। रात ज्यादा होने पर वह बच्चों के साथ ऊपर के कमरे में सो गई। रात में जगाने पर देखा कि उसके पति कमरे में नहीं है, सुबह उनका शव नाली में पड़ा मिला।

इस सम्बंध में सीओ हरिमोहन सिंह ने बताया कि विजय की हत्या की सूचना उनकी पत्नी द्वारा दी गई है। इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के सिर पर चोटों के निशान है। मृतक मैनपुरी का रहने वाला है वह यहां किराए पर रहता था। घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

कौशल

RELATED ARTICLES

Most Popular