जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत बीती रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बाद में हमलावर ने थाने में पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत उम्मेद जोत के मजरा कोरी पुरवा निवासी सुनील कुमार (30) पुत्र गंगाराम गौतम की बीती रात उसके पड़ोसी राजेंद्र प्रसाद पुत्र कल्लू राम ने फावड़े से काटकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। मृतक की मां कुसमा देवी ने सुनील कुमार के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभियुक्त के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करके विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण की जानकारी के लिए एसपी को फोन किए जाने पर जन संपर्क अधिकारी ने फोन उठाया। उन्होंने बात करने के उद्देश्य के बारे में पूछा। बताए जाने पर कहा कि घटना के बारे में विस्तृत जानकारी मीडिया सेल पर उपलब्ध करा दी गई है, किंतु समाचार लिखे जाने तक मीडिया सेल पर कोई ब्यौरा उपलब्ध नहीं था।
