लखनऊ(हि.स.)। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्र ने अपने कार्यालय पर यादव समाज और पाल समाज के सैकड़ों लोगों को बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर सतीश चंद्र ने कहा कि यादव समाज के लोगों ने हमेशा बहुजन समाज पार्टी में जुड़कर पार्टी को मजबूत बनाने का काम किया है। बहुजन समाज पार्टी की सरकार 2022 में सत्ता में जरूर आएगी।
रविवार को वृहद कार्यक्रम में सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि बसपा सरकार ने हर वह काम किया जाएगा, जिससे लोगों की मदद हो सके। सर्वजन समाज का विकास करना ही बसपा का उद्देश्य है। हमारे कार्यकाल में ही उत्तर प्रदेश का विकास हुआ है और हम कागजों पर नहीं, जमीन पर विकास करते हैं।
कहा कि बसपा ने पांच हजार जूनियर हाई स्कूल, पांच हजार स्कूल, इंजीनियरिंग कॉलेज, डिग्री कॉलेज और आवासीय विद्यालय बनाने का काम किया। 23 नए जिले बनाकर उनका विकास करने का काम हुआ।
भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पांच किलो राशन देकर गरीबों की बेइज़्जती करने का काम भाजपा कर रही है। इसके अलावा राशन देने के बहाने प्रचार भी किया जा रहा है। हर महीने 500 करोड़ रुपए का विज्ञापन में खर्च किया जा रहा है। बहुजन समाज पार्टी सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय की राह पर चलती है।
उन्होंने आगे कहा कि आज दूसरे प्रदेश से लोग जब लखनऊ आते हैं तो वह सिर्फ अम्बेडकर पार्क और गोमती नगर देखने आते हैं। कोरोना काल के भयावह मंजर को हम नहीं भूल सकते हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था धरातल पर थी। लोग सड़कों पर दम तोड़ रहे थे। लोगों को सही इलाज नहीं मिला, लाशों को जलाने के लिए श्मशान घाट तक नहीं उपलब्ध थे। कोरोना काल में लाशें नदी में बहती हुई नजर आई। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है रोजगार मांगते हैं तो डंडा मिलता है।
बसपा सदस्यता के कार्यक्रम में आये पप्पू यादव, मनीष यादव और उनके साथियों ने संकल्प लेते हुए बहन जी की सरकार बनाने की बात दोहरायी। इस अवसर पर लखनऊ में बसपा के कई नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहें।
