-उप्र भाजपा के बूथ विजय अभियान का राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने किया शुभारंभ
लखनऊ (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से उत्तर प्रदेश भाजपा के बूथ विजय अभियान का शुभारंभ किया। नड्डा ने प्रदेश की धरती को नमन करते हुए भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि हम पहले भी काम के आधार पर चुनाव जीते हैं। अगला चुनाव भी हम मोदी और योगी सरकार के काम, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से जीतेंगे।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि पार्टी ने 28 जुलाई को स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार करने का अभियान शुरू किया। स्वयंसेवकों की संख्या छह लाख से ऊपर पहुंच गयी है। जल्द ही यह संख्या आठ लाख पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं जो हमारे पास दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी हैं। इसी तरह से उत्तर प्रदेश में हमारे पास योगी आदित्यनाथ हैं। योगी भी यहां सबसे ज्यादा लोकप्रिय जन नेता हैं। इनके सामने कोई और नेता दूर-दूर तक नहीं टिकता है। नड्डा ने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, उत्तराखंड, गोवा में भी वापसी तय है।
जेपी नड्डा ने कहा कि हमारे नेता हमेशा काम करते हैं। कुछ पार्टियों के नेता विदेश छुट्टी मनाने जाते हैं। मोदी के नेतृत्व में भारत का स्वाभिमान बढ़ा है। देश की जनता का आत्मविश्वास बढ़ा है। अनुच्छेद 370 समाप्त हुआ। ओबीसी के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। नड्डा ने देश कोविड टीकाकरण की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में हमने वह ताकत अर्जित की है कि एक दिन में कई देशों की जनता का टीकाकरण कर सकते हैं
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब पहली बार संसद की सीढ़ियों को नमन करते हुए देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया था। आज हम कह सकते हैं कि मोदी ने अपने वादे को निभाया है। सबका साथ सबका विकास मूलमंत्र के साथ काम किया। उसी तरह से उत्तर प्रदेश में योगी ने काम किया है। सपा, बसपा, कांग्रेस की सरकारें जो नहीं कर पाई थीं, उसे योगी सरकार ने किया। नड्डा ने योगी सरकार की ऋण मोचन के तहत 86 लाख किसानों के लाभान्वित होने, गन्ना किसानों के भुगतान समेत अन्य उपलब्धियों को गिनाया।
किसानों को दिया आश्वासन- एमएसपी कभी समाप्त नहीं होगी
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि देश के किसानों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कभी समाप्त नहीं की जाएगी। मोदी सरकार में सबसे ज्यादा एमएसपी पर रवि और खरीफ की फसलों की खरीद की गई है। योगी सरकार में भी रिकार्ड खरीद हुई है। किसान हमारे लिए भाग्य विधाता हैं। देश के करोड़ों किसानों को पीएम सम्मान निधि योजना के तहत छह हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इस योजना का लाभ उत्तर प्रदेश के करीब ढाई करोड़ किसानों को मिल रहा है।
देश में 2.62 करोड़ घरों में पहुंचाई बिजली
नड्डा ने कहा कि देश में दो करोड़ 62 लाख घरों में बिजली पहुंचाई। अकेले उत्तर प्रदेश में सौभाग्य योजना के तहत 80 लाख से अधिक बिजली कनेक्शन दिए। आयुष्मान भारत योजना से एक करोड़ 83 लाख लोग लाभान्वित हुए हैं। इस योजना की सराहना कई देशों ने भी की है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आरोग्य योजना के तहत लोगों को इलाज की व्यवस्था दी गयी है। प्रदेश के करीब 15 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निःशुल्क अनाज दिया जा रहा है।
योगी सरकार में सिर्फ विकासवाद
भाजपा और उसकी सरकारों की कार्य संस्कृति पर नड्डा ने कहा कि सबका साथ सबका विकास की नीति पर हम भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रहार करते हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस ने मिलीभगत कर शासन करते हुए केवल एक ही परिवार का भला किया। उन्हें जनता से कोई लेना-देना नहीं रहा। सपा, बसपा, कांग्रेस की सरकार में अपराधी मस्त थे। योगी सरकार में अपराधी त्रस्त हैं।
इस कार्यक्रम से प्रदेशभर में भाजपा के 27 हजार 700 सांगठनिक शक्ति केंद्रों से लोग जुड़े थे। वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रयागराज से इस कार्यक्रम से जुड़े थे। वहीं लखनऊ में पार्टी कार्यालय से प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता जुड़े हुए थे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज और उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा गाजियाबाद से बूथ विजय अभियान कार्यक्रम से जुड़े।
