Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश का माहौल सकारात्मक हुआ :...

मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश का माहौल सकारात्मक हुआ : CM

भाजपा के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलनों की श्रृंखला में रविवार को राजधानी लखनऊ के इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान और विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन सम्मेलनों को सम्बोधित करते हुए कहा कि 2014 के पहले भारत में अविश्वास, अराजकता, अव्यवस्था और असुरक्षा का वातावरण था। भाजपा की सरकार आते ही सकारात्मक हो गया। उन्होंने कहा कि यह फर्क बहुत स्पष्ट है और देश की विशाल जनता इसे महसूस कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले भारत क्या था और 2014 के बाद भारत आज कहां है, यह सबके सामने है। सात साल पहले देश के अंदर रोज एक नया घोटाला आता था। अब जनकल्याण और विकास की ही बात होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के कार्यकाल को छोड़ दें तो भारत और भारतीयता के बारे में कोई चर्चा नहीं करता था। गांव, गरीब, नौजवान, महिला, किसान, व्यापारी के बारे में कोई चर्चा करने को तैयार नहीं था। स्वार्थपरक राजनीति का बोलबाला था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले बिजली केवल 3-4 जिलों में ही आती थी। आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बिजली है। एक करोड़ 51 लाख से अधिक गरीबों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि पहले रामभक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं। अब प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में आकर भव्य श्रीराम मंदिर का शिलान्यास किया। वहां राम मंदिर का निर्माण हो रहा है।

सपा का नाम लिए बगैर मुख्यमंत्री योगी ने सवाल किया कि क्या अयोध्या में राम भक्तों की निर्मम हत्या करने वाले देश की जनता से माफी मांगने की हिम्मत जुटा पाएंगे? उन्होंने कहा कि अदालत ने भी आखिर हमें ही सही माना और आज अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। योगी ने पिछली सरकारों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पहले की सरकारें राम भक्तों पर गोली चलाने का काम करती थीं। सपा, बसपा और कांग्रेस को विकास से मतलब नहीं था, क्योंकि उन्हें भक्तों पर गोली चलाने से ही फुर्सत नहीं थी।

प्रदेश में 2017 के बाद बेहतर कानून व्यवस्था पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में स्थिति ऐसे थी कि गुंडे, अपराधी, माफिया गरीबों की सम्पत्ति हड़प लेते थे। आज माफिया पर प्रभावी कार्रवाई करके उत्तर प्रदेश ने कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि पहले बहन-बेटियों का जीना दूभर था। आज यूपी में सुरक्षा का एक माहौल है। उनका कहना था कि सुरक्षा का वातावरण देने में उनकी सरकार इसलिए सफल हुई क्योंकि यहां इस समय डबल इंजन की सरकार चल रही है।

मुख्यमंत्री योगी कहा कि इस समय एक-एक लोग को जगाने का काम करना है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश शक्तिशाली है। कोई अन्य देश भारत की तरफ आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं कर सकता है। आज तालिबान से पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान परेशान है। लेकिन तालिबानी जानते हैं कि भारत की तरफ बढ़े तो एयर स्ट्राइक तैयार है।

इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में महाराज सुहेलदेव राजभर को नमन करके प्रारम्भ हुए सम्मेलन को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, सांसद सकलदीप राजभर, विधायक विजय राजभर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष नरेन्द्र कश्यप, पूर्व सांसद बब्बन राजभर, लाल बहादुर राजभर, विनोद राजभर, राजेश राजभर ने भी सम्बोधित किया। वहीं विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में कर्मावती को नमन करके प्रारम्भ हुए सम्मेलन को केन्द्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, राष्ट्रीय महामंत्री पिछड़ा वर्ग मोर्चा एवं सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व सांसद राम नारायण साहू, राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य जगदीश साहू, मेयर नूतन राठौर ने भी सम्बोधित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular