पूर्व में ब्लॉक प्रमुख भी रह चुका हैगैंगस्टर में निरुद्ध है आरोपी
मैनपुरी( ई एम एस) जनपद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहे पूर्व ब्लॉक प्रमुख को पुलिस ने फर्दपुर तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के संबंध में सीओ भोगांव ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। बताया कि वर्तमान में आरोपी समाजवादी पार्टी के टिकट पर जिला पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशी है। आरोपी को जेल भेजा गया है।
मैनपुरी में थाना भोगांव क्षेत्र के गांव मलपुर निवासी अभिलाख राजपूत पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2020 में उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई थी। गैंगस्टर के मामले में वह वांछित चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इस बार अभिलाख जिला पंचायत सदस्य का प्रत्याशी भी है। उसके नामांकन के साथ ही पुलिस गिरफ्तारी को लेकर और सतर्क हो गई थी। थाना पुलिस ने उसे मैनपुरी फर्दपुर तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के संबंध में सीओ अमर बहादुर सिंह ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। बताया कि अभिलाख गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहा था। उसे न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सुल्तानगंज तृतीय वार्ड से है प्रत्याशी
गिरफ्तार किया गए आरोपी को समाजवादी पार्टी ने सुल्तानगंज तृतीय वार्ड से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए टिकट दिया है। नामांकन के बाद हुई कार्रवाई से सपा खेमे में भी खलबली मच गई।
सत्ता के दबाव में नामांकन के बाद सपा प्रत्याशी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पहले भी राजनीतिक षड़यंत्र के तहत गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पार्टी हाईकमान को इस संबंध में जानकारी दे दी गई है। -देवेंद्र सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष।
