मेरठ (हि.स.)। मेरठ में पुलिस प्रशासन की सख्ती के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। पुलिस ने ड्रोन की मदद से संवेदनशील इलाकों और मस्जिदों पर निगाह रखी। इस दौरान मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी लगातार गश्त करते रहे।
पश्चिम उप्र में जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया था। खासकर सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, बिजनौर आदि जनपदों में पुलिस और प्रशासन की पूरी सख्ती रही। एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल के निर्देश पर पहले ही सभी जिलों में सख्ती बरती गई। मेरठ में मेरठ परिक्षेत्र के आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी न मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
मेरठ को सात जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया
मेरठ शहर को सात जोन और 14 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई। सेक्टरों को 44 सब सेक्टरों में बांटा गया। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एएसपी और सेक्टर का जिम्मा सीओ स्तर के अधिकारियों को दी गई। जबकि सब सेक्टर स्तर पर थाना प्रभारियों को तैनात किया गया। संवेदनशील इलाकों में तीन कम्पनी आरएएफ और पीएसी तैनात की गई। पहले ही शहर काजी जैनुस साजिद्दीन ने सभी मुस्लिमों से शांतिपूर्वक नमाज अदा करने की अपील की थी। इसका असर भी शुक्रवार को दिखाई दिया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ड्रोन से मुस्लिम इलाकों में छतों की निगरानी की। कोतवाली क्षेत्र में स्थित शाही जामा मस्जिद, हापुड़ अड्डा स्थित इमलियान आदि मस्जिदों में शांतिपूर्वक जुमे की नमाज अदा हुई। इंटरनेट मीडिया पर भी साइबर सेल की पूरी निगाह रही। किसी भी भड़काऊ मैसेज पर तत्काल पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कुलदीप
