Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में भीषण आग में जलकर रेस्टोरेंट खाक

मेरठ में भीषण आग में जलकर रेस्टोरेंट खाक

मेरठ (हि.स.)। रेलवे रोड थाना क्षेत्र स्थित सन ऑफ स्वाद रेस्टोरेंट में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की एक गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। मगर, तब तक रेस्टोरेंट का सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की श्रद्धापुरी के रहने वाले मनीत का दिल्ली रोड पर मेरठ मॉल में सन ऑफ स्वाद के नाम से रेस्टोरेंट है। बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर रेस्टोरेंट का कारीगर नकुल चाप बना रहा था। इसी दौरान अचानक चूल्हे से निकली चिंगारी से लकड़ी के काउंटर में आग लग गई। जिसके बाद भीतर मौजूद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। सभी लोग भागकर बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया और विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के चलते क्षेत्रीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया। 
 जानकारी के बाद पहुंची फायर बिग्रेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। मगर इस दौरान रेस्टोरेंट में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद से रेस्टोरेंट मालिक सदमे में है। आग में लाखों के नुकसान की बात कही जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular