मेरठ (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा और राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने मंगलवार को हस्तिनापुर विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी अर्चना गौतम के समर्थन में मवाना में रोड शो करके जनसंपर्क किया। इस के बाद डोर-टू-डोर जनसंपर्क करके लोगों से वोट देने की अपील की।
पहले चरण के मतदान के लिए मंगलवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी पार्टियों के दिग्गज नेताओं ने मेरठ में पूरी ताकत झोंक दी। मंगलवार को कांग्रेस महासचिव और उप्र प्रभारी प्रियंका वाड्रा हस्तिनापुर से पार्टी प्रत्याशी अर्चना गौतम के समर्थन में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंची। हस्तिनापुर में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद प्रियंका और सचिन पायलट कार से मवाना पहुंचे। प्रियंका का काफिला मवाना में तहसील रोड स्थित मिहिरभोज प्रतिमा स्थल से शुरू हुआ।
ट्रैक्टर पर बैठकर प्रियंका वाड्रा, सचिन पायलट, अर्चना गौतम ने मवाना में रोड शो करके जनसंपर्क किया। प्रियंका को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने पुष्प वर्षा करके प्रियंका का स्वागत किया। प्रियंका ने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। इसके बाद हस्तिनापुर में डोर-टू-डोर जनसंपर्क करके वोट मांगे। प्रियंका ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल कांग्रेस ही कर सकती है। इसीलिए कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट दीजिए। इसके बाद प्रियंका ने जम्बूद्वीप में पहुंचकर जैन साध्वी ज्ञानमती माताजी से आशीर्वाद लिया।
