Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ : बिजली के करंट से चार जानवरों की मौत, कार नाले...

मेरठ : बिजली के करंट से चार जानवरों की मौत, कार नाले में गिरी

मेरठ (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश ने कहर बरपा दिया है। कंकरखेड़ा में बिजली के खंभे टूटने से करंट की चपेट में आकर चार जानवरों की मौत हो गई। जबकि कासमपुर में भारी जलभराव के कारण सड़क और नाले का पता नहीं चलने से कार नाले में गिर गई। इससे कार सवार दो लोग घायल हो गए। क्रेन की सहायता से कार को नाले से बाहर निकाला गया।

कंकरखेड़ा में बुधवार को शराब फैक्ट्री के पास भारी बारिश के कारण बिजली के कई खंभे गिर गए। इससे वहां पानी में करंट उतर आया और करंट की चपेट में आकर चार पशुओं की मौत हो गई। जबकि तीन महिलाएं बाल-बाल बच गई। इससे पावर कार्पोरेशन के खिलाफ लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने वहां पर जमकर हंगामा किया।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के कासमपुर की पहाड़ी बस्ती में नाले के पुल की ग्रिल टूटी हुई है। बुधवार को बारिश के कारण कासमपुर नाले और सड़क पर जलभराव से पानी का स्तर एक समान हो गया। इसी बीच वहां से एक कार गुजर रही थी, लेकिन जलभराव के कारण सड़क और नाले का पता नहीं चलने से कार नाले में गिर गई। इससे आसपास हड़कंप मच गया।

आनन-फानन में लोगों ने कार सवार दो युवकों को किसी तरह से बाहर निकाला। नाले में कार गिरने से दोनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन से खींचकर कार को नाले से बाहर निकाला गया। रोहटा थाना क्षेत्र के उकसिया गांव में बारिश के कारण धूमपाल सिंह के मकान की छत गिर गई। मलबे में दबने से काफी सामान नष्ट हो गया। रेलवे कर्मचारी धूमपाल ने दो साल पहले ही अपना मकान बनवाया था। आगामी 30 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले धूमपाल इस हादसे से सदमे में है।

RELATED ARTICLES

Most Popular