Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुलायम बोले, जमुना प्रसाद बोस और एसआरएस यादव के निधन से हृदय...

मुलायम बोले, जमुना प्रसाद बोस और एसआरएस यादव के निधन से हृदय व्याकुल, निजी क्षति

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने एक दिन में अपने दो बेहद करीबियों पूर्व मंत्री जमुना प्रसाद बोस और विधान परिषद सदस्य एसआरएस यादव के निधन पर गहरा शोक जताया है। 

मुलायम ने मंगलवार को अपने शोक संदेश में कहा कि आज के दिन दो पुराने सहयोगियों जमुना प्रसाद बोस और एसआरएस यादव को खोकर हृदय बहुत व्याकुल है। लम्बे समय तक उनका साथ रहा था। कोरोना संक्रमण से उनका निधन बहुत दुखद और मेरी निजी क्षति है।
सपा संरक्षक ने कहा कि जमुना प्रसाद बोस स्वतंत्रता सेनानी, लोकतंत्र रक्षक सेनानी के साथ समाजवाद के संघर्षशील योद्धा थे। किसानों, गरीबों और कमजोर वर्गों के लोगों के प्रति कहीं भी कैसा भी अन्याय हो, वह उसके खिलाफ मोर्चा खोल देते थे। बांदा से चार बार विधायक और तीन बार मंत्री रहे जमुना प्रसाद बोस पर कभी कोई दाग नहीं लगा। वह इमानदारी और सादगी और त्याग की मूर्ति थे।
उन्होंने कहा कि वहीं एसआरएस यादव सन 1989 से सरकारी बैंक की सेवा से अवकाश प्राप्ति के बाद मुझसे जुड़े हुए थे। समाजवादी पार्टी कार्यालय के प्रभारी के रूप में उन्होंने अथक परिश्रम किया और संगठन को गति दी। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दोनों सहयोगियों की आत्माओं को शांति दे और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और उप्र विधान परिषद सदस्य एसआरएस यादव का राजधानी के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में सोमवार देर रात निधन हो गया। वह पिछले दिनों कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद उनका इलाज एसजीपीजीआई के कोविड वार्ड में चल रहा था। वहीं बांदा के गांधी के रूप में प्रसिद्ध पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता जमुना प्रसाद बोस का सोमवार की शाम राजधानी के डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल कोविड सेंटर में निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद 2 सितम्बर को भर्ती कराया गया था। वे लगभग 95 वर्ष के थे। 

RELATED ARTICLES

Most Popular