Wednesday, September 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्य सचिव ने विधानभवन के सामने 15 अगस्त की तैयारियों का स्थलीय...

मुख्य सचिव ने विधानभवन के सामने 15 अगस्त की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया

-उत्तर प्रदेश में चार करोड़ से ज्यादा झंडों का वितरण किया गया

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने शनिवार को विधानभवन के सामने 15 अगस्त के आयोजन को लेकर चल रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि भारत की आजादी की 76वीं वर्षगांठ के अमृत महोत्सव के अवसर पर समाज के हर वर्ग के लोग बढ़चढ़ कर भागीदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त आने वाला है, उससे पहले ही देश भक्ति का हर जगह माहौल है। उत्तर प्रदेश में हर घर, स्कूल, विश्वविद्यालयों, संस्थानों, सरकारी कार्यालयों में फहराने के लिए चार करोड़ से ज्यादा झंडे वितरित किए गए हैं।

मुख्य सचिव ने कहा कि 11 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानभवन पर फसाड लाइटिंग का उद्घाटन कर इस ऐतिहासिक विरासत को खूबसूरत बना दिया है। उन्होंने बताया कि विधानभवन के समक्ष हर शाम को लाइटिंग शो का आयोजन किया जा रहा है। इस लाइटिंग शो को शहरवासी जरूर देखने आएं।

उन्होंने कहा कि पूरे देश में 20 करोड़ घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। हर व्यक्ति अपने देश की आन बान शान यानी तिरंगे को अपने घरों पर संजोयेगा। उन्होंने कहा कि आज जो हम स्वतंत्र देश में खुद का भाग्य निर्माण कर रहे हैं, वह हमारे वीर बलिदानियों का बलिदान है, जिन्होंने हमें स्वतंत्र कराने के लिए अपनी सुख-सुविधाओं एवं अपनी जान तक न्योछावर कर दिया था। इस अवसर पर हमें उन बलियानों को याद करना चाहिए। साथ ही अपने देश को सबसे आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास रहना चाहिए।

मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा पुष्पवर्षा आदि कार्यक्रमों की तैयारियों का निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त डॉ. रौशन जैकब, जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

पीएन द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular