Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी की उपस्थिति में संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ, निकाली गयी...

मुख्यमंत्री योगी की उपस्थिति में संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ, निकाली गयी शोभायात्रा

गोरखपुर (हि.स.)। गोरखनाथ के ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 53वीं और महंत अवेद्यनाथ की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर सप्ताह भर चलने वाले पुण्यतिथि समारोह का बुधवार को शुभारंभ हुआ। समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर में गोरखपुर पहुंचे। बाबा गोरखनाथ की पूजा-अर्चना की। अपने गुरुओं की आशीर्वाद लिया। फिर, परंपरागत तरीके से गोरखनाथ मंदिर के दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में संगीतमय रामकथा ज्ञानयज्ञ शुरू हुआ।

समाज व राष्ट्र को प्रभावित करने वाले ज्वलंत मुद्दों पर व्याख्यान का शुभारंभ गुरुवार को होगा। रामकथा के शुभारंभ से लेकर व्याख्यान के उद्घाटन व समापन समारोह में गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मौजूद रहेंगे। 13 सितंबर तक चलने वाली कथा प्रतिदिन अपरान्ह तीन बजे से शाम छह बजे तक होगी।

इधर, श्रीराम कथा शुरू होने से पहले बुधवार को दोपहर ढाई बजे से बाबा गोरखनाथ के दरबार से श्रीरामचरित मानस और अखंड ज्योति की शोभायात्रा निकाली गई। य़ह मानस, ज्योति और कथा मर्मज्ञ के व्यासपीठ पर स्थापित होने के साथ सम्पन्न हुई।

व्याख्यान में मौजूद रहेंगे संत-महंत

सात दिन तक आयोजित होने वाले व्याख्यान में बतौर अतिथि देश भर के संत व महंत मौजूद रहेंगे। इनकी मौजूदगी इस आयोजन को श्रद्धा व भक्ति से ओतप्रोत करेगी।

इनकी रहेगी उपस्थिति

व्याख्यान में जिन संतों व महंतो की उपस्थिति रहेगी, उनमें शेरनाथ, शिवनाथ, दासलाल योगाचार्य, सुरेश दास, राममिलन दास, गंगा दास, राघवाचार्य, अवधेश दास, वासुदेवाचार्य, राजू दास, नारायण गिरि, गोपालदास, सुरेंद्र नाथ, स्वामी विद्या चैतन्य, बालकनाथ, राम दिनेशाचार्य, विश्वेश प्रपन्नाचार्य, रामविलास वेदांती आदि शामिल हैं। व्याख्यान में बतौर मुख्य अतिथि विषय पर इन संतों-महंतों का भी संबोधन होगा।

व्याख्यानमाला गुरुवार से

व्याख्यान की शुरुआत आठ सितंबर से होगी। व्याख्यान दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगी। 13 सितंबर को महंत दिग्विजयनाथ की श्रद्धांजलि सभा और 14 सितंबर को महंत अवेद्यनाथ की श्रद्धांजलि सभा के साथ समारोह का समापन होगा। इस बीच अलग-अलग दिन विभिन्न सम-सामयिक विषयों पर व्याख्यान का आयोजन होगा। अलग-अलग दिन व्याख्यान के अलग-अलग वक्ताओं को आमंत्रित किया गया है। पहले से ही इनके लिए विषय तय कर दिए गए हैं।

आमोद/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular