सुलतानपुर(हि.स.)। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सुलतानपुर विधानसभा के प्रत्याशी पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने पूरी ताकत झोंकते हुए जन आशीर्वाद यात्रा निकाली।
जन आशीर्वाद यात्रा पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार से निकलकर दीवानी चौराहा, जिलाधिकारी आवास, गल्ला मंडी, केनरा बैंक, पंचरास्ता, मेजरगंज, चौक, शाहगंज चौराहा, डाकखाना चौराहा से करूणाश्रय अस्पताल होते हुए पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में समाप्त हुई।जन आशीर्वाद यात्रा में हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता व समर्थकों का हुजूम उमड़ा।
पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने चौक में सभा को संबोधित करते हुए कहा देश और प्रदेश मजबूत हाथों में है। उन्होंने कहा हम यह विश्वास दिलाते हैं कि सुलतानपुर की जनता का मस्तिष्क कभी नीचे नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि योगी ने माफियाओं पर नकेल कस कर आम जनता व व्यापारियों को सहूलियत दी है। आज बेटियां घर से रात 12:00 बजे भी निडर होकर निकल सकती हैं।उन्होंने कहा आज किसान गरीब नौजवान खुशहाल है।सरकार ने चौतरफा व सर्वसमाज का विकास किया है। श्री सिंह ने लोगों से 27 फरवरी को जलपान से पहले कमल वाली बटन पर मतदान करने का आह्वान किया।
नगर भ्रमण के दौरान लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा की, वहीं नौजवान भाजपा के गाने पर अबीर गुलाल उड़ा कर थिरकते रहे। जन आशीर्वाद यात्रा में पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पांडे, विधानसभा प्रभारी रविन्द्र सिंह, विधानसभा संयोजक प्रवीन कुमार अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल, प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी, चंदन नारायण सिंह, सभासद रमेश सिंह टिन्नू,आलोक आर्या, अजय सिंह लीडर, मीडिया संयोजक संयोजक अरूण द्विवेदी शायद हजारों की संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।
दयाशंकर
