Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहिला सिविल जज से छेडख़ानी करने वाला वकील गिरफ्तार

महिला सिविल जज से छेडख़ानी करने वाला वकील गिरफ्तार

-अभद्र टिप्पणी और पीछा करने का लगा था आरोप

हमीरपुर (हि.स.)। एक महिला सिविल जज से छेडख़ानी करने के मामले में यहां पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पुलिस ने उसे जेल भेजने की तैयारी की है। महिला जज ने वकील पर गंभीर आरोप लगाते हुए खुद ही कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।

हमीरपुर में एक महिला सिविल जज ने पिछले दिनों सदर कोतवाली में तहरीर देकर अधिवक्ता मोहम्मद हारुन पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला जज ने बताया कि अधिवक्ता पिछले माह से उसे लगातार परेशान कर रहा है। कोर्ट से लेकर उनके आवास के पास यमुना तटबंध के पास पीछा करते हुए छेडख़ानी की। कोर्ट के चैम्बर के आसपास बेवजह टहलता है और उन्हें घूरता था।

यमुना तटबंध के पाथ पर घूमने के दौरान भी आरोपी अधिवक्ता उनके पीछे-पीछे टहलता था।अशोभनीय टिप्पणी भी की। मना करने पर भी वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया। महिला जज की तहरीर पर पुलिस ने धारा-354 ग व 454 घ के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया है। ए.एसपी अनूप कुमार ने बताया कि आरोपी अधिवक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

महिला जज ने लगाई थी फटकार

सदर कोतवाली में एफआईआर में महिला जज ने वकील मोहम्मद हारून पर बड़े ही संगीन आरोप लगाए है। यमुना तटबंध पर घूमने के समय महिला जज के पीछे-पीछे चलना और और कहना कि आप जब सरीला चली गई थी तो मन नहीं लग रहा था। इसने महिला जज से यह भी कहा कि आप अच्छी लग रही हो। इतना सुनते ही महिला जज ने वकील का नाम पूछने के बाद फटकारा और चेतावनी दी कि मेरे पीछे-पीछे चलना और कोर्ट में दीवार से झांकना बंद कर दे। अगर दोबारा ऐसा हुआ तो फिर शिकायत की जाएगी। महिला जज की चेतावनी के बाद भी वकील अपनी हरकत से बाज नहीं आया।

बार संघ से आरोपी वकील की सदस्यता खत्म

जिला बार संघ के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि आरोपी वकील मोहम्मद हारून की बार संघ की सदस्यता समाप्त कर दी गई है। बताया कि जैसे ही कोर्ट में आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होगी तो बार संघ आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ बार कौंसिल को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने महिला जज से छेडख़ानी की घटना की कड़ी निंदा भी की है। उल्लेखनीय है कि आरोपी वकील कुछ ही सालों से यहां हमीरपुर में वकालत कर रहा था। ये हमीरपुर के सैयदबाड़ा मुहाल में रहता है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular