Tuesday, March 3, 2026
Homeमंडलअयोध्या मंडलमहाशिवरात्रि : हर-हर महादेव की गूंज से गूंजी रामनगरी अयोध्या

महाशिवरात्रि : हर-हर महादेव की गूंज से गूंजी रामनगरी अयोध्या

– नगर के प्रमुख शिव मंदिरों से निकलेगी शिव बारात 

अयोध्या (हि.स.)। महाशिवरात्रि के पर्व पर धर्म नगरी अयोध्या में प्रातः 4 बजे से श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन पूजन कर रहे हैं। भोर से ही पावन सलिला सरयू में स्नान करने के पश्चात जल अर्पित करने के लिए नागेश्वरनाथ मंदिर में शिव भक्तों की कतार लगी है। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दिया है। 
 महाशिवरात्रि के पर्व पर श्रद्धालु पर्व को लेकर मां सरयू की गोद में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। डुबकी लगाने के पश्चात राम नगरी के नागेश्वरनाथ, क्षीरेश्वरनाथ और हनुमानगढ़ी, कनक भवन, श्रीराम जन्मभूमि के दर्शन पूजन कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने शिव भक्तों के लिए जगह-जगह प्रसाद व मेडिकल सेवा कर्मियों की भी व्यवस्था की है। 
 महाशिवरात्रि पर्व पर गुरुवार को रामनगरी में हर-हर महादेव की गूंज हर तरफ बनी हुई हैं। आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में शिवभक्त अयोध्या में है और ऐतिहासिक शिवमंदिरों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पूजन-अर्चन कर अपनी आस्था निवेदित कर रहे हैं। आज जिले भर के शिवालयों को सजाया, संवारा गया है, उन्हें भव्यता प्रदान की गई है। आसपास के जिलों बस्ती, गोंडा, हरैया, नबाबगंज सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्तों का रेला उमड़ा हैं। इसको लेकर रामनगरी की सुरक्षा सख्त करते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। 
 एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि मुख्य मार्ग पर आज चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। सरयू स्नानघाटों पर पुलिस के अलावा पीएसी व सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है। नागेश्वरनाथ सहित अन्य मंदिरों की निगरानी सीसीटीवी के जरिए की जा रही है। रात्रि में नागेश्वरनाथ मंदिर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व पर भव्य शिवबरात निकाली जाएगी। 
 नागेश्वरनाथ मंदिर के व्यवस्थापक सभापति तिवारी ने बताया कि बरात में ब्रह्मा, विष्णु, इंद्रादिक देवताओं की भव्य झांकी व लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र होंगे। मंदिर के पुजारी पंडित रामाज्ञा मिश्र ने बताया कि बरात का क्षीरेश्वरनाथ मंदिर पर स्वागत किया जाएगा। इस बार महाशिवरात्रि पर्व पर कई दुर्लभ योग बन रहे हैं। 
ज्योतिषियों का कहना है कि महाशिवरात्रि के दिन शिवयोग, सिद्धियोग और घनिष्ठा नक्षत्र का संयोग आने से त्योहार का महत्व और ज्यादा बढ़ गया है। इन शुभ संयोगों के बीच महाशिवरात्रि पर पूजा सर्वोत्तम फलदायक होगी। 

RELATED ARTICLES

Most Popular