मथुरा(हि.स.)(अपडेट)। शहर कोतवाली की चौकी बागबहादुर क्षेत्र अंतर्गत बुधवार देरशाम पॉश कालोनी डैंपियर नगर में बाइक सवार बदमाशों ने वृंदावन की पूर्व सभासद की गोली मार कर हत्या कर दी। पूर्व सभासद परिवार के दो सदस्यों के साथ व़ृंदावन से मथुरा खरीददारी करने आई थी। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
बुधवार शाम को वृंदावन की कांग्रेस पूर्व सभासद मीरा ठाकुर(48 वर्ष) परिवार के दो सदस्यों के साथ कार से मथुरा के डैंपियर नगर स्थित सलेक्शन गारमेंट्स के समीप खरीददारी करने के लिए जा रही थी। कार से उतरकर जैसे ही वह पैदल शोरुम की ओर बढ़ी तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए नयति हॉस्पीटल भेजा गया जहां उसने बुधवार रात दमतोड़ दिया। पूर्व सभासद मीरा ठाकुर वृंदावन के सुनरख मार्ग स्थित एनआरआई ग्रीन अपार्टमेंट के एक फ्लैट में रह रही थी।
एसपी सिटी एमपी सिंह मौके पर पहुंचे इसके बाद वह नयति अस्पताल पहुंचे परिजनों से भी जानकारी ली। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि डैंपियर नगर में एक कार में वृंदावन की पूर्व सभासद अपने दो परिवार के सदस्यों के साथ यहां खरीददारी करने के लिए आए थे। तभी बाइक सवार दो लोगों ने महिला को गोली मार दी है। घायल महिला को नयति अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनकी मौत हो चुकी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक मृतका पूर्व सभासद का वृंदावन के एक नेता से वर्चस्व को लेकर रंजिश चली आ रही थी। फिलहाल पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है।
मथुरा : सरेशाम बदमाशों ने पूर्व सभासद मीरा ठाकुर की गोली मारकर की हत्या
RELATED ARTICLES
