शुक्रवार शाम भागवत कथा में प्रसाद लेने गई थी किशोरी
मथुरा(हि.स.)। शनिवार सुबह थाना जैंत क्षेत्र अंतर्गत कस्बा चौमुंहा के सर्वोदय इंटर कालेज के पीछे एक प्लॉट में 15 वर्षीय किशोरी का शव पड़ा मिला है। सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी एमपी सिंह सहित थाना प्रभारी ने लोगों से जानकारी प्राप्त की है। एसपी सिटी के अनुसार शव का पोस्टमार्टम पैनल में कराया जाएगा, हत्याकांड के खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जैंत थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा चौमुहां के सर्वोदय इंटर कॉलेज के पीछे शनिवार की सुबह एक प्लॉट में 15 वर्षीय किशोरी का शव मिला है। शव पड़े होने की सूचना पर ग्रामीणों एवं परिजन बड़ी संख्या में पहुंच गए। घटना की सूचना पर इलाका पुलिस के साथ सीओ सदर प्रवीण मलिक, थाना प्रभारी सुशील कुमार योगी पुलिस बल के साथ पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतका के सिर और गले पर चोट के निशान थे। जिससे माना जा रहा है कि उसके सिर पर प्रहार कर व गला दबाकर हत्या की गई है। दुस्साहसिक वारदात को लेकर लोगों में भारी आक्रोश दिखाई दिया।
कस्बा निवासी मृतका के परिजनों के अनुसार किशोरी शुक्रवार शाम को सर्वोदय इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही कथा में प्रसाद लेने गई थी लेकिन रात तक वह घर नहीं लौटी जिसके बाद परिजन उसे तलाशते रहे। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया मृतका के शव का पोस्टमार्टम पैनल में कराया जाएगा, वहीं घटना के खुलासे के लिए के कई टीमों का गठन कर दिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा।
महेश
