— वारदात के बाद बाइक सवार युवक भाग निकला, तलाश में जुटी पुलिस
मथुरा(हि.स.)। थाना महावन क्षेत्र अंतर्गत नगला पापड़ी रोड पर एचएन इंटर कालेज के पास दिन दहाड़े बाइक सवार युवक ने विधवा महिला को टैम्पो से उतारकर गोली मार दी। सिर में गोली लगने से महिला ने मौके पर ही दमतोड़ दिया। थाना महावन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।
मंगलवार दोपहर करीब पौने दो बजे थाना महावन से नगला पापड़ी मार्ग पर विधवा महिला शीला उम्र करीब 30 वर्ष निवासी कसाई पाड़ा थाना महावन अपनी सहेली के साथ टैम्पो में सवार होकर पैंठ बाजार जा रही थी कि नगला पापड़ी रोड पर एचएन इंटर कालेज के पास बाइक सवार किशन ने टैम्पो रूकवाते हुए उसे नीचे उतवाकर आकर कुछ दूरी पर गोली मार दी। गोली शीला के सिर पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी महावन मौके पर पहुंचे महिला के शव को पेस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक क्राइम राधेश्याम राय ने बताया कि आज दोपहर किशन नामक युवक ने एचएन इंटर कालेज के पास महिला की गोली मारकर हत्या कर दी है, आरोपित को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे है। पोस्टमार्टम शव को भेजा गया, जबकि गांव में चर्चा है कि अवैध संबंधों को लेकर हत्यारोपित ने घटना को अंजाम दिया है।
