Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमण्डलायुक्त ने युनाइटेड हॉस्पिटल पहुंचकर ली जानकारी, दिया निर्देश

मण्डलायुक्त ने युनाइटेड हॉस्पिटल पहुंचकर ली जानकारी, दिया निर्देश

प्रयागराज(हि.स.)। मण्डलायुक्त आर. रमेश कुमार ने बुधवार को कोविड 19 के रूप में चयनित किए गए युनाइटेड हॉस्पिटल पहुंचकर वहां भर्ती मरीजों की स्थिति एवं व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिया।  युनाइटेड हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में आईसीयू में कोविड के कुल 37 मरीज भर्ती हैं। अस्पताल में कुल 200 बेडों की व्यवस्था है, जिसमें से वर्तमान समय में 48 बेड आईसीयू के है। मण्डलायुक्त ने अस्पताल में आईसीयू बेडों की संख्या को और बढ़ाये जाने का निर्देश दिया। यह भी कहा कि प्रत्येक बेड के लिए निर्धारित मानक के अनुसार चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था रहे। उन्होंने कोविड मरीजों के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त ने अस्पताल में प्रतिदिन कितने मरीज वेंटिलेटर पर रहते हैं, कितने मरीज ऑक्सीजन पर रहते हैं और प्रतिदिन कुल कितने कोविड मरीज अस्पताल में भर्ती रहते हैं, इसकी सूचना प्रतिदिन प्रेषित करने के लिए कहा।
मण्डलायुक्त ने कहा कि प्राइवेट अस्पताल के लिए कोविड मरीजों हेतु जो रेट निर्धारित किया गया है, मरीजों से वही लिया जाये। उन्होंने मरीजों को रेफर करने के बारे में कहा कि यदि मरीज को एल-3 या अन्य किसी बड़े सेंटर पर रेफर करने की आवश्यकता प्रतीत हो तो ऐसे मरीज को समय से रेफर कर दिया जाये। किसी भी दशा में मरीज की स्थिति गम्भीर न होने दिया जाये। 
उन्होंने कहा कि भर्ती मरीजों के परिजनों को नियमित रूप से मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी उपलब्ध करायी जाती रहे। अस्पताल में वेंटीलेटर, ऑक्सीजन व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहे और मरीजों की देखभाल में कोई कमी न हो। इस अवसर पर अपर आयुक्त भगवान शरण, अपर निदेशक स्वास्थ्य सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। 

RELATED ARTICLES

Most Popular