प्रयागराज। कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है। इस परिस्थिति को ध्यान रखते हुए भारतीय रेलवे ने अपने वातानुकूलित कोचों में आक्सीजन की उपलब्धता बढ़ाई है।
यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी केशव त्रिपाठी ने देते हुए बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन जैसे बड़े संगठनों के अनुसार कोरोना वायरस पीड़ित व्यक्ति के फेफड़ों में आक्रमण करता है। कई बार साँस लेने के लिए ताजी आक्सीजन पर्याप्त मात्रा में न मिलने पर संक्रमण में तेजी आने की संभावना बढ़ जाती है। क्योंकि फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में आक्सीजन की उपलब्धि बेहद आवश्यक है। बंद स्थानों, जैसे कि वातानुकूलित कोचों में आक्सीजन की उपलब्धता बाहरी खुले वातावरण की तुलना में कुछ कम रहती है।
इस कारण प्रयागराज मंडल की सभी गाड़ियों के ए.सी कोचों में ताजी आक्सीजन का इनटेक 0.25 घन मी से बढ़ाकर 0.35 घन मी प्रति यात्री कर दिया गया है। इसके साथ ही वातानुकूलित कोचों में लगे एयर फिल्टरों की सफाई भी तेज कर दी गई है। यह कार्य प्रयागराज मंडल के कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। इससे वातानुकूलित कोचों में यात्रा करना पहले से ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित होगा।
