-स्वदेशी जागरण मंच ने राष्ट्रपति से की विदेशी बहुराष्ट्रीय ई कामर्स कंपनियो पर प्रतिबन्ध लगाने की मांग
चित्रकूट (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच की चित्रकूट जिला इकाई ने शुक्रवार को विदेशी ई कामर्स कंपनियों के विरोध में मुख्यालय में प्रदर्शन करते हुए उप जिलाधिकारी पूजा यादव को राष्ट्रपति के नाम सम्बोधित ज्ञापन सौपा।
शुक्रवार को प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्वदेशी जागरण मंच के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं बाल्मीकि आश्रम के महंत भरत दास महाराज ने कहा कि विदेशी बहुराष्ट्रीय ई कामर्स कंपनियों को भारत में व्यापार करने से रोका जाए। यह विदेशी कंपनियां भारत के रुपयों से आतंकवाद की मदद कर रही है।
राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन शानू गुप्ता ने कहा कि ई कामर्स ऑनलाइन व्यापार भारत के खुदरे व्यापारियों को निगल रहा है। एमेजॉन ,फ्लिपकार्ट, व वालमार्ट जैसी बहुराष्ट्रीय कम्पनियां व्यापार करके हमारे भारत का रुपया विदेशों में भेज रहीं हैं। ऐसी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया जाए और इनकी जांच करवाकर इनके ऊपर कानूनी कार्यवाही की जाए। इसके अलावा बहुराष्ट्रीय कंपनियों को भारत से प्रतिबंधित करके स्वदेशी को अपनाने की नीति को आगे बढाया जाए। इसके साथ ही एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए उद्योगिक नीतियों से हो रहीं परेशानियों को दूर करने के लिए नियमों में आमूल चूल परिवर्तन किया जाए।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक राजेश पाण्डेय ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच के माध्यम से बहुराष्ट्रीय कंपनियों का विरोध चलता रहेगा लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जा रहा है ।
इस मौके पर तुलसी गुफा तोता मुखी हनुमान मंदिर के महंत मोहित दास महाराज, जिला सहसंयोजक रामजन्म दास जी महाराज,जिला सहसंयोजक व्यापार संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री विनोद केसरवानी,कोषाध्यक्ष सुनील जायसवाल, व्यापारी नेता रामप्रकाश केसरवानी,नगर मंडल सह संयोजक शिवम पाण्डेय, नगर मंडल सह प्रभारी अजय पाण्डेय, नगर मंडल प्रभारीअनिल शुक्ला,गोविंद करवरिया,मनीष मिश्रा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहें।
