Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा सरकार में जनता हित सर्वोपरि, पात्रों को मिले योजनाओं का लाभ...

भाजपा सरकार में जनता हित सर्वोपरि, पात्रों को मिले योजनाओं का लाभ : जितिन प्रसाद

– समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं का हो निस्तारण

कानपुर(हि.स.)। सरकार द्वारा मंत्री मण्डल समूहों का गठन कर जनता की समस्याओं को उनके द्वार पर जन चौपाल के माध्यम से सुनकर निस्तारित किये जाने के कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इसी के तहत कानपुर में चौपाल लगाई गई।

भाजपा सरकार में जनता के हित सर्वोपरि हैं और सरकार की सोच है कि प्रत्येक अन्तिम छोर में खडे व्यक्ति की समस्याओं का निस्तारण हो। हम सभी की जिम्मेदारी है कि संचालित योजनाओं का लाभ पात्र प्रत्येक लाभार्थी को प्राप्त हो, जिससे की उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके। यह बातें रविवार को चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री व कानपुर के प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद ने कही।

कानपुर दौरे पर आये लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद, व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल और चिकित्सा शिक्षा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री मंयकेश्वर सिंह का काफिला शनिवार को चौबेपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत मरियानी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंचा। यहां पर मंत्री जितिन प्रसाद की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। मंत्रियों ने ग्राम चौपाल में ग्राम पंचायत मरियानी व अन्य ग्रामों के लोगों की जन समस्याओं को गम्भीरता से एक-एक कर सुना तथा उनकी समस्याओं को निस्तारित किये जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये।

उन्होंने ग्रामीण नमिता के द्वारा आवास दिलाये जाने के संबंध पात्रता के अन्तर्गत मुख्यमंत्री आवास योजना में आवास दिलाये जाने के निर्देश दिये। ग्रामीण ब्रजेश की जमीन की पैमाईश कराये जाने के संबंध में लेखपाल को तत्काल मौके पर जाकर पैमाईश कराये जाने को कहा। ग्राम चौपाल में पुलिस, राजस्व, राशन वितरण एवं भूमि परिर्वतन कराये जाने संबंधी समस्यायें प्राप्त हुयी, जिन पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी समस्यायें एवं शिकायते आज प्राप्त हुयी है वह सभी समस्याओं को सूचीबद्ध करते हुये उनका प्राथमिकता से निस्तारण कराकर आख्या प्रेषित करे।

स्वास्थ्य केन्द्र में ए0एन0एम0 की उपस्थिति न रहने की शिकायत पर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की कोताई न की जाये। इस दौरान सांसद अशोक रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरूण, विधायक बिल्हौर राहुल सोनकर, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, सीडीओ डा0 महेन्द्र कुमार, सीएमओ डा0 नेपाल सिंह, ग्राम प्रधान श्याम आदि मौजूद रहें।

यह भी हुए कार्यक्रम

ग्राम चौपाल के दौरान मंत्री ने जिला कार्यक्रम विभाग द्वारा संचालित योजना के अन्तर्गत दो आंगनबाडी बच्चों क्रमशः रामजी व अवनी का अन्नप्राशन कराया तथा पांच गर्भवती महिलाओं को गोदभराई कार्यक्रम के अन्तर्गत पौष्टिक आहार फल आदि का वितरण किया।

चौपाल में मुख्यमंत्री कन्या सुमगंला योजना के अन्तर्गत दो लाभार्थियों पूर्वी गुप्ता व अनिष्का को योजना से लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत पांच लाभार्थियों, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत दो लाभार्थियों, मिशन शक्ति योजना में दो, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना में दो, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में दो व फार्म मशीनरी योजना में एक लाभार्थी तथा वृद्धा अवस्था योजना के अन्तर्गत तीन लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किया गया।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular