Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा सरकार में कब्जाई गरीब की जमीन तो चलेगा बुलडोजर : योगी

भाजपा सरकार में कब्जाई गरीब की जमीन तो चलेगा बुलडोजर : योगी

-चौहान समाज के सम्मेलन में गरजे मुख्यमंत्री

लखनऊ, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां पंचायत भवन में आयोजित चौहान समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2012 में सपा की सरकार आई तो उसने सबसे पहला निर्णय आतंकियों पर लगे मुकदमें हटाने का काम किया। वहीं 2017 में जब आपकी (भाजपा) सरकार आई तो सबसे पहला निर्णय किसान कर्जमाफी का लिया गया। इसलिए समाज के जागरूक लोगों का यह दायित्व बनता है कि वह जाकर सबको बताएं कि 2022 में भाजपा की सरकार जरूरी क्यों है?

कांग्रेस पर योगी ने किया हमला

पिछड़ा वर्ग समाज के सम्मेलन में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 में देश को एक मंत्र दिया। वह मंत्र सबका साथ और सबका विकास था। सबका साथ सबका विकास का यह मंत्र अपने आप में सब कुछ कह देता है। जब हम सब एकजुट होंगे तो ही विकास कर पाएंगे। तो ही सुरक्षित रहेंगे। तो ही सम्मान पाएंगे और यह कार्य भाजपा के नेतृत्व में, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश के अंदर देखने को मिल रहा है।

आज पाकिस्तान और चीन भारत की सीमा में घुसपैठ नहीं कर सकता है। अगर करता है तो उसका मुंहतोड़ जवाब भी भारत देता है। भारत की सेना देती है। आतंकवाद की जड़ कश्मीर में अनुच्छेद 370 लगाकर कांग्रेस ने 1952 में जो बीज बोया था, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इस धारा को सदैव के लिए समाप्त कर दिया है। न रहेगा बांस और न बजेगी…। आतंकवाद की ताबूत पर अंतिम कील ठोक कर आतंकवाद को नेस्तनाबूद करने का संदेश दे दिया है।

निशाने पर रही समाजवादी पार्टी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में तो हमने देखा होगा कि आतंकवादियों ने मध्यकाल की याद ताजा कर दी। जब मंदिरों पर, मठों पर हमले होते थे। बृहद हिंदू समाज की भावनाओं पर कुठाराघात किया जाता था। उनकी भावनाओं को रौंदा जाता था। सपा सरकार में थाने, तहसीलें बिक चुकी थी। गिरवीं रख दी गई थी। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता या बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता जब उनकी सरकार थी, केवल लूट मचाई।

सपा आतंकियों के मुकदमें लेती थी वापस

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा की सरकार के समय में आतंकवादियों के मुकदमे वापस होते थे। हिंदुओं पर झूठे मुकदमे दर्ज होते थे। राम भक्तों पर गोली चलाई जाती थी। आतंकवादियों की आरती उतारी जाती थी। क्या यह सच नहीं है ? 2012 में समाजवादी पार्टी की सरकार आई थी सबसे पहला दंगा कोसीकला में हुआ था। उस सरकार ने सबसे पहला निर्णय राम जन्मभूमि पर आतंकी हमला करने वाले आतंकवादियों के मुकदमों को वापस लेने का काम किया था। हमारी सरकार आई तो हमने सबसे पहला निर्णय किसानों की कर्जमाफी का लिया। यही अंतर है भाजपा और अन्य में।

RELATED ARTICLES

Most Popular