Tuesday, April 7, 2026
Homeराष्ट्रीयभाजपा में ही बूथ अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है : अमित...

भाजपा में ही बूथ अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है : अमित शाह

मुंबई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद स्वतंत्रता की लड़ाई का सारा श्रेय अकेले कांग्रेस पार्टी ने ले लिया। इससे उस समय कुछ नौजवानों में बेचैनी महसूस हुई और इन लोगों ने मिलकर भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। इसके बाद 70 सालों में यही पार्टी आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हो गया है।

अमित शाह ने पुणे में गणेश कला क्रीडा केंद्र में रविवार को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश में 1650 रजिस्टर्ड राजनीतिक पार्टियां हैं, लेकिन सिर्फ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही इनमें इकलौती ऐसी पार्टी है, जिसका बूथ अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाता है। इस पार्टी की सबसे बड़ी खासियत है, जो मांगता है, उसे कुछ नहीं मिलता। जो नहीं मांगता, उसे भरपूर मिलता है।

अमित शाह ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत गुजरात के साबरमती के एक बूथ अध्यक्ष के रूप में की थी, लेकिन पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया। उन्होंने कहा कि एक समय था कि हमारे सिर्फ दो सांसद जीते थे। उस समय अटलजी व आडवाणी जी भी चुनाव हार गए थे। जो लोग उस समय कहा करते थे कि हम दो हमारे दो, आज वे 44 पर अटक गए। हम 302 तक पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार चला रहे हैं, लिहाजा हम आज बहुत आगे निकल गए हैं और कश्मीर से कन्याकुमारी तक हमारा संगठन है। अमित शाह ने कहा कि बूथ अध्यक्ष सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र में तीन पहियों वाली सरकार है। पहले तो हम कहा करते थे कि इस तीन पहिया सरकार के तीनों पहिए तीन दिशा में जा रहे हैं. लेकिन हम अब कह रहे हैं कि इस तीन पहिया सरकार के तीनों पहिए पंचर हो गए हैं। महाराष्ट्र में विकास कार्य ठप हैं। इसलिए सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करें और सभी शहरों सहित राज्य में भाजपा सरकार लाने के लिए काम करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular