कुशीनगर(हि. स.)। योगी आदित्यनाथ की सरकार जनता को स्वच्छ व भयमुक्त प्रशासन देने में पूरी तरह सफल है। कोई अपराध करने वाला व्यक्ति चाहे वह कितना भी प्रभावशाली हो, यदि यह समझे कि वह बचा लिया जाएगा या बच जाएगा तो इस सरकार में यह कदापि संभव नहीं है।
उक्त बात प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कही है। वह गुरुवार को देवरिया के पथरदेवा में जनसंघ के प्रदेश अध्यक्ष व ऊर्जा मंत्री रहे स्व.रविन्द्र किशोर शाही के श्रद्धांजलि सभा में भाग लेने जाने के क्रम में कुशीनगर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जनता भयमुक्त महसूस कर रही है तथा अपराधी डरे-सहमे हुए हैं। प्रदेश छोड़कर भाग रहे हैं।
एयरपोर्ट पर विधायक पडरौना मनीष जायसवाल, विधायक फाजिलनगर सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, विधायक तमकुहीराज असीम राय जिलाधिकारी एस राजलिंगम, पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, पूर्व विधायक कुशीनगर रजनीकांत मणि त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष प्रेमचन्द्र मिश्र, अवधेश सिंह, अनिल राव, सुमित त्रिपाठी आदि ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं व विधायक में हुई नोक झोंक: एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम के स्वागत को आए विधायक डॉ. असीम राय व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच टर्मिनल बिल्डिंग में प्रवेश को लेकर नोक झोंक हुई। दरअसल कार्यकर्ता चाह रहे थे कि जब तक उनका पास नही बन जाता तब तक विधायक भी अंदर न जाएं। विधायक के बोल बिगड़े तो कार्यकर्ता भड़क गए और नोक झोंक हो गई। कार्यकर्ताओं के तेवर देख विधायक नरम पड़ गए और उनके पास बनवाने में सहयोग किया।
गोपाल
