लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी. एल. संतोष ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं0 दीन दयाल उपाध्यय के चित्रों पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्जवलित कर किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल उपस्थित रहे।
भाजपा की प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी. एल. संतोष ने हाल में सम्पन्न पार्टी द्वारा चलाए गए घर-घर जनसम्पर्क महाभियान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनता से लगातार संवाद व सम्पर्क कार्यकर्ताओं का बना रहना चाहिए। सभी जिलों से आए पदाधिकारियों ने अपने—अपने क्षेत्रों में चलाए गए महासम्पर्क अभियान के तहत कार्यक्रमों की रिपोर्ट रखी। इस पर राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जनता से लगातार भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सम्पर्क बना रहना चाहिए। उन तक सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देना और पात्रों को उसका लाभ दिलाने में अपने-अपने स्तर पर प्रयास करते रहना चाहिए। बैठक में उन्होंने आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों से चर्चा की और जीत की रणनीति बताई।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश भाजपा प्रभारी राधा मोहन सिंह,प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल,प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत,प्रदेश महामंत्री संजय राय,एमएलसी सुभाष यदुवंश,बृज बहादुर व संतोष सिंह प्रमुख रूप से देवेश कुरील, कमलावती सिंह, मानवेन्द्र सिंह समेत प्रदेशभर से आए पदाधिकारीगण उपस्थित हैं।
मोहित/बृजनंदन
