प्रदीप पांडेय
गोंडा—
ब्लाक संसाधन केन्द्र इटियाथोक पर राष्ट्रीय आविष्कार अभियान परीक्षा और उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर इटियाथोक के बच्चों ने योगा नृत्य प्रस्तुत किया, जो सराहनीय रहे। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी शिक्षक अपने अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को अपना बच्चा मानकर उनके सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर रहें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने ब्लाक के अग्रणी शिक्षको को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। यहां ब्लाक के सभी न्याय पंचायतों में से 25 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। रोहिणी नंदन मिश्र, दुर्गा प्रसाद जैसवाल, मो0 रफी, शोभा जैक्शन, अनूप कुमार पांडेय, ज्योति कटियार, राजेन्द्र प्रताप सिंह, अनुराग मिश्र, महेश चंद्र, शिवेन्द्र चौरसिया सहित पच्चीस शिक्षक जिन्होंने अपने अपने विद्यालयों में अच्छा प्रदर्शन किया, उन सभी को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र त्रिपाठी ने सम्मानित किया। इसी के साथ साथ राष्ट्रीय आविष्कार अभियान की परीक्षा आयोजित की गयी। प्रत्येक विद्यालय से चार -चार बच्चों को परीक्षा के लिए आमंत्रित किया गया। इस परीक्षा में उत्तीर्ण सभी बच्चों को एकसपोजर विजिट कराया जायेगा जबकि 10 अव्वल अंक पाने वाले छात्रों को नकद धनराशि भी उपलब्ध करायी जायेगी। प्रथम छह छात्रों को माडल के साथ जिले पर विज्ञान प्रदर्शनी में सम्मिलित किया जायेगा। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में चयनित छात्र छात्राओं को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र त्रिपाठी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया। इस दौरान एआरपी राधे रमन यादव, मनोज यादव, केके सोनकर, विनोद मिश्र, ऋतुराज यादव ब्यवस्था में तैनात रहे। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र, राकेश यादव, बृजेश कुमार, अजय कुमार द्विवेदी, विनोद कुमार तिवारी, प्रेमनाथ सोनी, महेश शुक्ल, देव प्रभाकर मिश्र, सादिक अली सहित अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे.

