वाराणसी (हि.स.)। भाजपा सांसद और भोजपुरी फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश को समझने में भूल हो गई है। देश में तो राहुल गांधी बेइज्जती कराते ही हैं, विदेशों में भी करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव और यूपी में अखिलेश यादव का भविष्य खराब करने के पीछे राहुल गांधी का हाथ है।
शहर में आये मनोज तिवारी रोडवेज स्थित एक निजी अस्पताल परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जैसे लोगों को पहचानना पड़ेगा कि वह बिहार में कन्हैया कुमार और कश्मीर में गुपकार के साथ जा रहे हैं। जम्मू–कश्मीर को पंचायतें चला रही हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की पुस्तक में राहुल गांधी को लेकर टिप्पणी से जुड़े सवाल का सांसद जवाब दे रहे थे।
एक सवाल के जबाब में सांसद ने कहा कि यूपी और बिहार बड़े राज्य है, यहां डिप्टी सीएम रखने का प्रावधान है। बिहार में महिला को उप मुख्यमंत्री बनाकर नारी सशक्तिकरण का उपहार दिया गया है। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते केस और मरीजों के इलाज में भेदभाव से जुड़े सवालों पर सांसद ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमकर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी विज्ञापन करते थे। यदि वह चाहते तो हालात पर काबू पाया जा सकता था। अब दिल्ली में छठ पूजा को प्रतिबंधित करने पर जोर दे रहे हैं। जो साफ इशारा करता है कि केजरीवाल यूपी और बिहार के लोगों से नाराज है।
