लखनऊ (हि.स.)। राजधानी लखनऊ में बिना फिटनेस के चल रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ शुक्रवार से चेकिंग अभियान शुरू हो गया है। इसके अलावा बच्चों और आमजनों की सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग स्कूली वाहनों में पैनिक बटन और वीटीएस (व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम) लगाने जा रहा है। इससे स्कूली वाहनों का सफर और सुरक्षित हो जाएगा।
परिवहन मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि बच्चों और आमजनों की सुरक्षा के लिए स्कूली वाहनों में परिवहन विभाग पैनिक बटन और वीटीएस लगाने जा रहा है। इसके लिए परिवहन मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम बनाए जाने का कार्य शुरू हो गया है जो इसी वित्तीय वर्ष में पूरा हो जाएगा।
बताया कि टैक्सियों और स्कूली वाहनों में पैनिक बटन और वीटीएस तकनीकी का इस्तेमाल करने से सफर और सुरक्षित हो जाएगा। इसकी मॉनीटरिंग सीधे परिवहन मुख्यालय से होगी।
लखनऊ क्षेत्र के उप-परिवहन आयुक्त निर्मल प्रसाद ने बताया कि बिना फिटनेस के चलने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ 30 नवम्बर तक चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। चेकिंग अभियान के दौरान यह भी देखा जायेगा कि वाहनों की संबद्धता पंजीकृत स्कूलों से कब तक है।
परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमें लखनऊ के हजरतगंज, गोमतीनगर,आशियाना, एलडीए कॉलोनी,पारा, राजाजीपुरम और जानकीपुरम आदि इलाकों में स्कूली वाहनों में सुप्रीम कोर्ट के द्वारा तय मानकों की जांच कर कार्रवाई करेंगी। इस अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन अंकिता शुक्ला, एआरटीओ प्रवर्तन अमित राजन राय, पीटीओ आशुतोष उपाध्याय,पीटीओ आभा त्रिपाठी और पीटीओ योगेंद्र यादव अलग-अलग तारीखों में भाग लेंगे।
