Saturday, September 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबारिश के माह में उत्तरी पश्चिमी हवाएं करा रही गर्मी का अहसास

बारिश के माह में उत्तरी पश्चिमी हवाएं करा रही गर्मी का अहसास

कानपुर (हि.स.)। हवाओं की दिशाएं उत्तरी पश्चिमी हो गई हैं, इससे रोजाना तापमान बढ़ता ही जा रहा है। तापमान बढ़ने से बारिश के माह में लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हो गये। मौसम विभाग का कहना है इन शुष्क हवाओं ने आसमान में छाये काले बादलों को कानपुर परिक्षेत्र से बाहर कर दिया है। इससे आगामी तीन दिनों तक बारिश के आसार नहीं है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि पश्चिमी मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के साथ चल रही है और पूर्वी छोर अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर चल रहा है। कोमोरिन क्षेत्र और इससे सटे मालदीव पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र। एक उत्तर दक्षिण ट्रफ रेखा उत्तरी कर्नाटक से कोमोरिन क्षेत्र तक फैली हुई है। सात सितंबर के आसपास पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनेगा।

बताया कि उत्तर पश्चिमी शुष्क हवा ने बरसात के मौसम में गर्मी का अहसास दिलाना शुरु कर दिया है। वर्षा की गतिविधियां कम हो गई हैं तो तेज गर्मी संग उमस का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान रोजाना बढ़ रहा है और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं भी कमजोर हो गई हैं। इससे आगामी तीन दिनों तक कानपुर परिक्षेत्र में बारिश की संभावना नहीं दिख रही हैं और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। इसके साथ ही मौसम विभाग ने आठ सितंबर के बाद मानसून की रेखा परिवर्तित होने की उम्मीद जताई है। इसके बाद फिर से बूंदाबांदी व छिटपुट वर्षा होने की उम्मीद है।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular