Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबसपा के कैलाश व कांग्रेस के राहुल समेत 9 प्रत्याशियों ने किया...

बसपा के कैलाश व कांग्रेस के राहुल समेत 9 प्रत्याशियों ने किया नामांकन

सोमवार को बसपा, कांग्रेस, किसान रक्षा पार्टी, जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशियों सहित दो निर्दलीयों ने किया नामांकन

झांसी(हि. स.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के लिए नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, जन अधिकार पार्टी व किसान रक्षा पार्टी के प्रत्याशियों सहित दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने प्रस्तावकों के साथ कलेक्ट्रेट में रिटर्निंग आफिसर के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किये।

कोरोना की तीसरी लहर में हो रहे विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को लेकर चुनाव आयोग ने चुनावी प्रक्रिया में कई प्रतिबंध लगाये हैं। इस बार नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशियों के जुलूस पर रोक होने के कारण प्रत्याशियों ने सादगी पूर्ण तरीके से अपने प्रस्तावकों के कलेक्ट्रेट पहुंचकर ही नामांकन पत्र दाखिल किये। सोमवार को झांसी सदर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी राहुल रिछारिया ने अपने प्रस्तावक पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य व पार्षद अरविंद बबलू के साथ नामांकन किया। कांग्रेस प्रत्याशी राहुल रिछारिया राजनैतिक घराने से ताल्लुक रखते हैं। इनके दादा गोविन्द दास रिछारिया सांसद रहे, वहीं पिता ओम प्रकाश रिछारिया विधायक रहने के साथ ही मंत्री भी रहे थे। इसके साथ ही झांसी सदर विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी कैलाश साहू ने अपने प्रस्तावक गणेशी लाल प्रजापति के साथ नामांकन किया।

मऊरानीपुर विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रोहित रतन ने दो सेट में अपने प्रस्तावक मो. साबिर खान व विजय के साथ जाकर नामांकन किया। जबकि वह एक सेट में नामांकन पूर्व में कर चुके हैं। इसके साथ ही मऊरानीपुर विधानसभा से जन अधिकार पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती बृज कुंवर ने अपने प्रस्तावक रमेश चन्द्र व प्रभात कुमार के साथ नामांकन किया। गरौठा विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी वीर सिंह गुर्जर ने अपने प्रस्तावक सत्यजीत व कैलाश वर्मा के साथ नामांकन किया। इसके साथ ही गरौठा विधानसभा से किसान रक्षा पार्टी के प्रत्याशी गौरीशंकर विदुआ ने अपने प्रस्तावक सीता विदुआ और सुनीता विदुआ के साथ नामांकन किया। गरौठा से जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशी राजेन्द्र पाल ने नामांकन किया। इसके अलावा गरौठा विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी श्रीमती प्रेम कुमारी खंगार और झांसी सदर से निर्दलीय प्रत्याशी संजीव कुमार ने अपने प्रस्तावक अजय कुमार, राम प्रताप व सुनील के साथ नामांकन किया। इस प्रकार सोमवार को कुल 9 प्रत्याशियों ने नामांकन किये।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular