– 551 कन्याओं के सामूहिक विवाह कार्यस्थल का मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने किया भूमि पूजन
बलिया(हि. स.)। खेल युवा कल्याण एवं पंचायती राज मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने गुरूवार को फेफना में पांच दिसम्बर को 551 जोड़ों के होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम स्थल का भूमि पूजन किया। उन्होंने सामूहिक विवाह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों संग बैठक भी की।
जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने विवाह से संबंधित तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए। अधिकारियों से उन्होंने विवाहित जोड़ों के रहने, ठहरने और उनके रीति-रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न कराने के संबंध में जानकारी ली।
मंत्री श्री तिवारी ने कहा कि यह धर्म का काम है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसमें सभी का सहयोग आवश्यक है। क्योंकि मुख्यमंत्री का यह संकल्प है कि प्रदेश में सभी गरीब लड़कियों की शादी पूरे रीति-रिवाज और सम्मान से कराई जाए।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। वैवाहिक कार्यक्रम में लगभग 40 से 50 हजार लोग उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा, जिसमें भोजपुरी लोक कला से संबंधित कलाकार भी उपस्थित रहेंगे, जो अपनी कला से लोगों का मनोरंजन करेंगे।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अपनी-अपनी जिम्मेदारी पर विशेष ध्यान दें। अधिकारियों ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह को दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था कार्यक्रम के दिन फेफना चौराहे से माल्देपुर मोड़ के बीच चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेगा। विवाह समारोह में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, सामूहिक विवाह से संबंधित वाहनों और आवश्यक सेवाओं की आवाजाही जारी रहेगी। भूमि पूजन में सभी संबंधित विभागीय अधिकारी और पुलिस कर्मी उपस्थित थे।
