बलरामपुर (हि.स.)। जनपद में कोतवाली जरवा के ग्राम पंचायत नेवलगढ़ के मजरे पुरवा टिकुइया में अज्ञात कारणों से देर रात्रि आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता दो फूस के मकान सहित घरों में रखी लाखों की गृहस्थी जलकर राख हो गई है। घटना में सात मवेशी भी झुलस गये, जिनमें तीन की मौत हो गई है।
टिकुइया में रामराज के पशुशाला में बीती रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतना भीषण था कि देखते ही देखते किशन व राम मिलन के घर में आग लग गई। लगी आग से घरों में रखी सम्पूर्ण गृहस्थी जलकर खाक हो गई है। घर में रह रहे लोग लगी आग से सहमे है। खाने व पहनने के लिए कुछ नहीं बचा है। रामराज के पशुशाला में बंधी सात भैंसे गम्भीर रुप से जल गई। जिनमें तीन भैंसों की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही जरवा पुलिस ने पहुंच ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया है।
उपजिलाधिकारी मंगलेश दूबे ने बताया कि घटना में क्षति के आकलन को लेकर लेखपाल को भेजा गया है। शीघ्र ही पीड़ितों को नियमानुसार सहायता राशि दिलाई जाएगी।
प्रभाकर
