Thursday, March 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबरेली के लापता शिक्षक की हत्या कर शव जलाकर खेत में दबाने...

बरेली के लापता शिक्षक की हत्या कर शव जलाकर खेत में दबाने का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

फिरोजाबाद(हि.स.)। थाना नारखी पुलिस व एसओजी टीम ने रविवार को 10 दिन पूर्व बरेली से लापता हुये शिक्षक की हत्या कर शव को खेत में दबाने के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर सोमवार को शिक्षक के शव को खेत से बरामद कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार अभी इस हत्याकांण्ड़ में सात आरोपित फरार है। जिनकी जल्द ही गिरफ्तारी की जायेगी। 
एसपी सिटी मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 16 अक्टूबर 2020 को जनपद बरेली के थाना इज्जत नगर में गुमशुदा अवधेश पुत्र बाबू सिंह मूल निवासी ग्राम भीतरी थाना नारखी जनपद फिरोजाबाद, हाल निवासी कर्मचारी नगर थाना इज्जतनगर जनपद बरेली में गुमशुदा की माता श्रीमती अन्नपूर्णा देवी द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। 25 अक्टूबर को इस गुमशुदगी को हत्या कर शव को गायब करने की धाराओं में तरमीम किया गया था। 
उन्होंने बताया कि रविवार को थाना नारखी क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर शेर सिंह उर्फ चीकू पुत्र महीपाल निवासी नारखी धौंकल नारखी को 4 दिसम्बर 2019 की रात्रि में नारखी थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना के सम्बंध में हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपने साथी रानू पंण्ड़ित, सुरेश उर्फ मक्खन व जौनी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। चीकू ने चोरी की घटना से सम्बंधित कुछ जेवरात भी पुलिस को बरामद कराये। 
एसपी सिटी ने बताया कि थाना नारखी क्षेत्र की अन्य चोरी की घटनाओं के सम्बंध में जव अभियुक्त चीकू से पूछताछ की गई तो उसने अन्य चोरी की घटनाओं को कारित करने से मना किया लेकिन उसने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुये बताया कि खेरिया नारखी निवासी अनिल फौजी व उसकी पुत्री बिनीता द्वारा एक व्यक्ति अवधेश की हत्या करने हेतु उसे पांच लाख की सुपारी दी गई थी। जिसमें से वतौर एडवांस 70 हजार रूपये उसे दिये गये। अबेधश बाबू मूल रूप से भीतरी नारखी का रहने वाला है जो कि बरेली के कर्मचारी नगर में रहता है। वह पेशे से अध्यापक है। जिसकी मैंने अनिल फौजी व उसकी पुत्री बिनीता के कहने पर बरेली से अपने साथी पप्पू, भोला, अंकित व प्रदीप के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी और उसका शव बरेली से अंकित की गाड़ी से लाकर अपने साथियों के साथ मिलकर नारखी क्षेत्र में ही जलाकर एक जुते हुये खेत में दबा दिया है। 
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शेर सिंह उर्फ चीकू की निषानदेही पर सोमवार को थाना नारखी व एसओजी टीम द्वारा तहसीलदार सदर विवेक भदौरिया की मौजूदगी में गांव वालों की मदद से मृतक के शव को जुते हुये खेत से बरामद कर लिया गया है। शव जीणक्षीण व जली हुई अवस्था में अधजले कपड़ों के साथ मिला है। जिसकी मृतक की मां अन्नपूर्णा द्वारा पहचान की गई है। पुलिस ने हत्यारोपित को हत्या कर शव को गायब करने व चोरी के आरोप में जेल भेजा है। पुलिस इसके अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular