महराजगंज (हि.स.)। मुख्यालय सहित जिले के सभी नगर निकायों में बारिश के पानी ने अफरा-तफरी मचा दिया। कई मुहल्लों में जल जमाव से लोगों के घरों में पानी घुस गया है। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
जिले के नौतनवा नगर पालिका, सिसवा बाजार नगर पालिका, फरेंदा नगर पंचायत, निचलौल नगर पंचायत जैसे क्षेत्रों में बारिश से लोगों की दुश्वारियां काफी बढ़ गईं हैं। हालात य़ह है कि शहरों में मेन रोड पर जल भराव है। निचले इलाकों में लोगों के घरों में बारिश की पानी घुस गया है। लगातार दो दिन से हो रही बरसात के कारण स्लम इलाकों के कई घरों में खाने पीने की समान की भी कमी हो गई है। दिक्कतें बढ़ गईं हैं। हालात यह है कि कस्बेवासी घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। बाजारों में सब्जियों की कमी हो गयी है। सब्जी दुकानदारों के पास कुछ बचा भी है, तो मुंह मांगे दाम पर बेच रहे हैं।
लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से दिक्कतें आ रहीं हैं। सीवर जाम है। इस कारण बारिश के पानी निकलने में बहुत समय लग रहा है। चौबीस घंटे से लगातार बारिश होने के कारण छोटे बच्चों और बड़े बुजुर्ग को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कुछ ऐसे भी मोहल्ले हैं, जहां बिजली और पेयजल की समस्या खड़ी हो गयी है। हालांकि नगर निकाय के अधिशासी अधिकारियों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास हो रहा है। कोशिश है कि लोगों को बिजली और स्वच्छ पानी मिल सके।
आमोद
