– तीन लोगों को पकड़कर पुलिस घटना को लेकर कर रही
फिरोजाबाद(हि.स.)। नकाबपोश बदमाशों का एक मकान पर पत्थरबाजी और फायरिंग करने और मकान में बंद महिलाओं की चीख-पुकार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो थाना जसराना क्षेत्र के गांव बेलमपुरी का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि नकाबपोश बदमाश रात के अंधेरे में एक मकान के आस पास घूमकर पत्थरबाजी और फायरिंग कर रहे हैं। घटना से मकान में रहने वाली महिलाएं व अन्य परिजन चीख-पुकार मचा रही हैं तथा मदद की गुहार लगा रही हैं। जिस मकान पर फायरिंग की जा रही है यह मकान घाघुऊ निवासी अवनीश का है जो परिवार के साथ बेलमपुरी में रहते हैं। कुछ दिन पूर्व अवनीश का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। जिसकी शिकायत अवनीश ने थाने में की थी। परिवार का आरोप है कि जिनसे विवाद हुआ था उन्हीं लोगों ने पथराव व फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि इस वीडियो की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है लेकिन पुलिस ने इस मामले में तीन लोगो को गिरफ्तार किया है।
इस सम्बंध में सीओ जसराना देवेंद्र सिंह का कहना है एक मकान पर पत्थरबाजी व फायरिंग की है। यह मकान अविनाश का है। इन्होंने पूर्व में भी तीन लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उन्हीं लोगों पर पत्थरबाजी व फायरिंग की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने तीनों को तत्काल गिरफ्तार किया गया है। जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
कौशल
