Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफैक्ट्री मालिक और संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने की...

फैक्ट्री मालिक और संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने की छापामारी

हापुड़ (हि. स.)। धौलाना स्थित औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में शनिवार को हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने रविवार को फैक्ट्री मालिक और संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। इस दौरान जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्टियों की जांच करने के आदेश दिए हैं। इस आदेश पर रविवार से ही अमल भी शुरू हो गया है।

धौलाना स्थित औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रूही इंडस्ट्री में रखे बारूद में शनिवार को विस्फोट होने से आग लग गई थी। इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 12 तक पहुंच गई। रविवार को इस मामले में पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के ठिकानों पर दबिश दी है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि फैक्ट्री मालिक मेरठ निवासी दिलशाद और संचालक वसीम के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी होगी।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि फैक्ट्री की भूमि इलेक्ट्रॉनिक सामान का उत्पादन करने के लिए मेरठ निवासी दिलशाद को आवंटित की गई थी। दिलशाद ने नियमों की अनदेखी करते हुए फैक्ट्री हापुड़ निवासी वसीम को पटाखों का उत्पादन करने के लिए दे दी। वहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। इन पटाखों में आग लगने के कारण ही दुर्घटना हुई है।

उन्होंने बताया कि घटना और अवैध रूप से हो रहे पटाखों का उत्पादन के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी फैक्टियों की जांच कराई जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विनम्र व्रत त्यागी

RELATED ARTICLES

Most Popular