– पीएचसी पर बेड फूल, बाहर चबूतरे पर किया गया उपचार
– प्रयागराज के मांडा के भी कुछ रिश्तेदार हैं बीमार
मीरजापुर (हि.स.) । हलिया थाना क्षेत्र के कस्बा सोनकर बस्ती में एक मृतभोज (तेरहवीं) में भोजन करने के बाद बस्ती के 17 लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए और उल्टी दस्त शुरु हो गई। स्वजन आनन-फानन में उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां बेड की संख्या कम होने से स्वास्थ्य केंद्र के बाहर पेड़ के नीचे चबूतरे पर मरीजों का उपचार शुरु किया गया।
भोजन के किसी सामग्री में कमी होने से फूड प्वाइजनिंग हुआ है। हलिया थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के पिता की तेरहवीं 20 सितम्बर को थी। इसमें बस्ती सहित रिश्तेदार भी शरीक होकर तेरहवीं का भोजन किए। बुधवार की रात बस्ती के विकास (8), कोमल (36), पिंटू (30), छोटे (18), अनीष (8), सोनू (7), प्रियांशु (6), दिवानी (9), चंद्रप्रकाश (9), सूरज सोनकर (18), लालजी (8), संदीप (7), रामू (12), सुमन (4), सोनू (8), विशाल (8), मोनू (7) को उल्टी दस्त शुरु हो गई। सभी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सात बेड ही उपलब्ध होने से अन्य लोगों को इमरजेंसी वार्ड सहित पांच लोगों का उपचार स्वास्थ्य केंद्र के बाहर परिसर के चबूतरे पर उपचार किया गया। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। कुछ रिश्तेदार मांडा प्रयागराज के भी तेरहवीं में भोजन किए थे। वह भी बीमार हैं।
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि तेरहवीं में भोजन करने से सोनकर बस्ती के लोग फूड प्वायजनिंग की चपेट में आने से उपचार के लिए आए हैं। सभी का उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य केंद्र पर बेड फूल हो जाने से बाहर चबूतरे पर कुछ लोगों का उपचार किया जा रहा है।
