Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफीस वसूली के दबाव के विरोध में पब्लिक स्कूल में जमकर हंगामा

फीस वसूली के दबाव के विरोध में पब्लिक स्कूल में जमकर हंगामा

मेरठ (हि.स.)। कोरोना काल में अभिभावकों को दी गई 40 प्रतिशत फीस छूट को स्कूल प्रबंधन ने खत्म कर दिया और अभिभावकों से पैसा मांगा। इसके विरोध में शुक्रवार को छात्रों और अभिभावकों ने सेंट पैट्रिक्स एकेडमी के बाहर जमकर हंगामा किया। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन पहले लिखित में दी गई फीस छूट को वसूलने का दबाव बना रहा है।

मेरठ बाईपास स्थित सेंट पैट्रिक्स एकेडमी के बाहर शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक इकट्ठा हो गए। इन लोगों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। लोगों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने कोरोना काल में अभिभावकों को लिखित में फीस और एनुअल सहित सभी चार्ज में 40 प्रतिशत छूट दी थी। बच्चों की परीक्षा निकट आने पर स्कूल प्रबंधन अपनी बात से पलट गया है। उसने अभिभावकों को फीस में दी गई छूट को समाप्त कर दिया है और फीस वसूलने का दबाव बना रहा है। फीस नहीं देने पर बच्चों को परीक्षा से वंचित करने की धमकी दी जा रही है।

अभिभावक बोले कि स्कूल प्रबंधन ने हमारे साथ धोखा किया है। जिला प्रशासन भी शिकायत के बाद कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। अभिभावकों ने नो क्लास, नो फीस। के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्र नेता पवन गुर्जर ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार होगा। इस दबाव को सहन नहीं किया जाएगा। जबकि स्कूल प्रबंधन का कहना है कि अभिभावक फीस देने से बचने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में सुबोध, राजेश, प्रवीण, शिवम, अमित, अजय, राहुल, राजकुमार, राकेश, सुधीर आदि शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular