Tuesday, January 13, 2026
Homeमनोरंजनफिल्म जगत की खूबसूरत अदाकारा नीतू कपूर के जन्मदिन

फिल्म जगत की खूबसूरत अदाकारा नीतू कपूर के जन्मदिन

मशहूर और खूबसूरत अदाकारा नीतू कपूर 8 जुलाई, 2020 को 62 साल की हो जाएगी। उनका जन्म 8 जुलाई, 1958 को दिल्ली में हुआ था। बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत करने वाली नीतू ने बड़े पर्दे पर अपनी खूबसूरत मुस्कुराहट, शानदार अभिनय और चुलबुले किरदार से लाखों दिलों को जीता। उन्होंने महज आठ साल की उम्र में फिल्म ‘सूरज’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म में नीतू बाल कलाकार की भूमिका में थी। इस फिल्म में नीतू को अभिनेता राजेंद्र कुमार और वैजयंतीमाला के साथ अभिनय करने का मौका मिला था। उसके बाद नीतू कई फिल्मों में बाल कलाकार की भूमिका में नजर आई, जिसमें दस लाख, दो दूनी चार, दो कलियां, वारिस, घर घर की कहानी, पवित्र पापी आदि शामिल हैं।
 साल 1973 में बतौर मुख्य अभिनेत्री नीतू कपूर की पहली फिल्म ‘रिक्शावाला’ प्रदर्शित हुई। इस फिल्म में नीतू के अपोजिट रणधीर कपूर मुख्य भूमिका में थे, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद उसी साल एक और फिल्म रिलीज हुई, जिसका नाम था ‘यादों की बारात’। इस फिल्म में नीतू एक डांसर की भूमिका में थी। इस फिल्म का गाना ‘लेकर हम दीवाना दिल’ नीतू सिंह पर फिल्माया गया था, जो काफी मशहूर हुआ। इसके बाद फिल्म का यह गाना और फिल्म में नीतू के अभिनय ने दर्शकों के दिलों को जीत लिया और इसी के साथ नीतू ने फिल्म जगत में अपनी पहचान बना ली।उसके बाद नीतू अपने अभिनय के जरिये सफलता की सीढ़ियां चढ़ती गई। इस दौरान साल 1974 में नीतू को फिल्म ‘जहरीला सावन’ में हैंडसम अभिनेता ऋषि कपूर के साथ मुख्य भूमिका में काम करने का मौका मिला। फिल्म में दोनों की कमेस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया,  लेकिन नीतू उस समय ऋषि से काफी चिढ़ी रहती थी। फिल्म की शूटिंग खत्म हुई और दोनों के रास्ते अलग हो गए। साल 1975 में फिल्म ‘खेल खेल में’ के सेट पर नीतू और ऋषि दोबारा मिले और दोनों में दोस्ती हो गई और ये दोस्ती फिल्म ‘कभी-कभी’ के सेट पर प्यार में बदल गई। दोनों ने एक दूसरे को पांच साल तक डेट करने के बाद  22 जनवरी, 1980 को शादी कर ली। शादी के बाद नीतू सिंह ने अपना सरनेम बदल कर नीतू कपूर रख लिया।नीतू ने जब ऋषि से शादी की तब वह बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में से एक थी और बॉलीवुड में उनके नाम का सिक्का चलता था, लेकिन शादी के बाद नीतू ने अपने फिल्मी करियर को अलविदा कह दिया। 15 सितम्बर,1980 को उनकी बेटी रिद्धिमा का जन्म हुआ। बेटा रणबीर  कपूर का जन्म 28 सितम्बर 1982 को हुआ। रणबीर कपूर आज फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता हैं। शादी के लगभग 26 साल बाद नीतू कपूर ने साल 2009 में फिल्मों में फिर से वापसी की। नीतू की प्रमुख फिल्मों में रफू चक्कर, अमर अकबर एंथोनी, परवरिश, याराना, लव आज कल, दो दूनी चार, जब तक है जान, बेशरम आदि शामिल हैं। फिलहाल नीतू फिल्मों से दूर है। वह आखिरी बार फिल्म ‘बेशरम’ में अपने अभिनेता पति ऋषि कपूर और बेटे रणबीर कपूर के साथ नजर आई थी। सदाबहार अभिनेत्री नीतू ने 30 अप्रैल,2020 को अपने अभिनेता पति ऋषि कपूर को हमेशा के लिए खो दिया। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली नीतू अक्सर ऋषि कपूर के साथ अपनी तस्वीरें फैंस के साथ साझा करती रहती है। बॉलीवुड में नीतू के बिंदास अंदाज और हिम्मत की मिसाल दी जाती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular