फिरोजाबाद(हि.स.)। थाना खैरगण पुलिस टीम ने बुधवार को 18 दिन पूर्व पुरानी रंजिश में एक युवक की हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने वाले पांच हत्यारोपितो को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अखिलेश नारायण ने बताया कि थाना खैरगण क्षेत्रांन्तर्गत निकाऊ गांव के पास स्थित एक विद्यालय के पास 19 मई को एक युवक रामवीर का शव पड़ा मिला था। इस घटना की रिपोर्ट मृतक के पुत्र ने थाने में नामजद करते हुए दर्ज कराई थी। इस घटना के खुलासे के लिये तीन टीमों का गठन किया गया था।
उन्होंने बताया कि बुधवार को थाना प्रभारी खैरगण अनुरुद्ध प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी उन्होंने हत्या में वांछित अभियुक्त महेन्द्र पुत्र रामजीत, सत्यदेव पुत्र प्रेमचन्द्र निवासीगण निकाऊ थाना खैरगढ, सुरेन्द्र पुत्र फूलन सिंह निवासी द्वारिकापुर थाना खैरगढ व प्रकाश में आये अभियुक्त शिवराज पुत्र फूलन सिंह निवासी ग्राम द्वारिकापुर थाना खैरगढ़ व ललित पुत्र महेन्द्र निवासी ग्राम निकाऊ थाना खैरगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से आलाकत्ल एक ट्रैक्टर, एक ट्रैक्टर की लिफ्ट की पटली व एक रोड व एक मोबाइल बरामद किया है।
एएसपी के अनुसार, मृतक व अभियुक्तगणों के बीच पूर्व से रंजीश चली आ रही थी। अभियुक्तगणों के विरुद्ध न्यायालय से पूर्व के एक अभियोग मे गिरफ्तारी वारंट भी जारी हुये थे, इसी बात को लेकर अभियुक्तों ने एकराय होकर सुनियोजित तरीके से रामवीर की हत्या कर दी। हत्या को दुर्घटना का रुप देने का प्रयास किया। पुलिस ने सभी हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कौशल
