Saturday, September 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफिरोजाबाद : भाजपा के लोगों से अच्छा झूठ कोई नहीं बोल सकता...

फिरोजाबाद : भाजपा के लोगों से अच्छा झूठ कोई नहीं बोल सकता – अखिलेश यादव

फिरोजाबाद (हि.स.)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सिरसागंज के गुड मंण्ड़ी मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिये भाजपा पर निशाना साधते हुये कहा कि भाजपा के लोगों से अच्छा झूठ कोई नहीं बोल सकता। उन्होंने सपा उम्मीदवारों को वोट करने की अपील की।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हम सभी लोग चुनाव की तारीख का इंतजार कर रहे थे। जब से चुनाव की तारीख आयी है पहले चरण का चुनाव सम्पन्न हुआ है आप सबको पता होगा कि पहले चरण के लोगों ने जो वोट डाला, वोट डालने के बाद जो हवा चली है उससे भाजपा का मौसम खराब हो चुका है। दूसरे चरण का भी सबको पता है दूसरे चरण में भाजपा बच नहीं सकती पूरी की पूरी सीटे सपा के पक्ष में आने वाली है और यह तीसरे चरण का चुनाव है सिरसागंज, फिरोजाबाद, एटा इटावा अपने घर का चुनाव है। उन्होंने जनता से यहां भाजपा की जमानत जब्त करने की अपील की।

कहा कि भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ बोल रहे है बड़े नेता बड़ा झूठ बोल रहे है जो सबसे बडे नेता है वह सबसे बड़ा झूठ बोल रहे है। उन्होंने कहा था कि सरकार आने पर किसानों की आय दोगुनी करेंगे लेकिन किसान बताये कि आय दोगुनी तो नहीं हो पायी लेकिन फसल की कीमत जो किसानों को मिलनी चाहिये वह भी नहीं मिली। खाद व डीएपी नहीं मिली और खाद की बोरी लेकर आये तो बोरी में से भी चोरी हो गयी। ये भाजपा वाले कहते थे कि हवाई चप्पल पहनने वाले हवाई जहाज पर चलेंगे लेकिन जब से इनकी सरकार आयी है इतना डीजल पेट्रोल मंहगा किया है कि गरीब अपनी गाड़ी नहीं चला पा रहा खाने पीने की चीजों से लेकर सरसों का तेल मंहगा हो गया। खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है खेतों में तार लगाने पड़ रहे है।

सपा अध्यक्ष ने चुटकी लेते हुये कहा कि हमारे मुख्यमंत्री कह रहे है कि गर्मी निकाल देंगे लेकिन जब से पहले चरण का चुनाव हुआ है इनके नेता व कार्यकर्ता ठंडे हो गये है।

कहा कि में नौजवानों को भरोसा देता हू कि सपा की सरकार बनेगी तो सरकार जितनी भी नौकरी खाली है उन सभी पदों को भरकर नौजवानों की समस्या का समाधान करेंगे। हम भरोसा देते है कि इस क्षेत्र का कितना भी विकास कराना पड़ेगा उसके लिये पैसा कम नहीं पड़ेगा। ज्यादा से ज्यादा काम कराने का काम समाजवादी लोग करेंगे। हमें फिरोजाबाद को लेकर कोई ग्लास सिटी बनानी पड़ेगी तो हम वह भी बनायेगी। यहां आलू बहुत होता है बड़े पैमाने पर आलू है सरकार बनने पर अगर हमें कोई सहूलियत देनी पड़ेगी किसानों को, आलू बर्बाद न हो, कीमत देनी पड़ेगी तो देंगे।

कहा कि खेत को बचाने के साथ-साथ वोट भी बचाना है। हम भाजपा के लोगों को बधाई देना चाहते है कि वह लगातार इस बात को कहते थे कि सपा के लोग परिवार के लोगों व रिश्तेदारों को बढ़ावा देते है हम भाजपा को बधाई देंगे कि हमारे रिश्तेदारों का सफाया करने का काम कर रहे हो अब हम पर आरोप नहीं लगायेंगे। उन्हें कोई प्रत्याशी नहीं मिला इसलिये ऐसे लोगों को सबक सिखाना है। भाजपा के लोगों से अच्छा झूठ कोई नहीं बोल सकता। इसके साथ ही उन्होंने हाथरस व गोरखपुर की भी घटना का जिक्र करते हुये भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

इससे पूर्व सपा अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने गदा व तलवार भेंट करने के साथ ही बड़ी फूल माला से जोशीला स्वागत किया।

कौशल

RELATED ARTICLES

Most Popular