Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफर्जी आरटीओ बनकर वाहनों से वसूली करने वाला गिरोह के चार सदस्य...

फर्जी आरटीओ बनकर वाहनों से वसूली करने वाला गिरोह के चार सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ा

बांदा(हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालू खदानों से बालू लेकर यूपी के गिरवां थाना क्षेत्र से गुजरने वाले ट्रकों से फर्जी आरटीओ बनकर अवैध वसूली की शिकायत पुलिस को कई महीनों से मिल रही थी। मंगलवार को इसी सूचना पर पुलिस ने पेट्रोल पंप के पास फर्जी आरटीओ अधिकारी बनकर वाहनों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को दबोच लिया, जबकि एक मौके से फरार होने में सफल हो गया। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है। मौके पर एक सफ़ेद रंग की बोलोरो भी बरामद हुई है।

नरैनी रोड पर स्थित बड़ोखर बुजुर्ग गांव के पास मंगलवार को सुबह एक सफेद रंग की बोलोरो के साथ 5 लोग खड़े थे, जो वाहनों को रोकने के बाद उनसे कागजात मांगते थे और कागजात न होने पर अवैध वसूली सर कर रहे थे। यह लोग ज्यादातर बालू भरे ट्रकों को रोक रहे थे। जब स्थानीय लोगों को इनके अधिकारी होने पर शक हुआ तो उन्होंने इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी।

यह सूचना मिलने के बाद गिरवा थाने के एसआई हरिश्चंद्र ने दल बल के साथ इस गिरोह की घेराबंदी की। तभी पुलिस को देख कर यह सब भागने लगे, लेकिन पुलिस ने चार लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल कर ली। जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पकड़े गए लोगों में इसी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ोखर बुजुर्ग निवासी देव नारायण तिवारी ग्राम बांधा पुरवा निवासी आदिल सिंह, अवधेश त्रिवेदी व नासिर शामिल है। मौके पर पुलिस ने सफेद रंग की बोलेरो, 3000 रुपये नगद, एक तलवार बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों से थाने में पूछताछ की जा रही है।

इस मामले में थाना प्रभारी ओम शंकर शुक्ला ने बताया कि इस इलाके में काफी दिनों से फर्जी अधिकारी बनकर वाहनों से अवैध वसूली की खबर मिल रही थी। इसी आधार पर इस गिरोह पर पुलिस नजर रख रही थी। आज मुखबिर की सूचना मिलने पर अवैध धन की उगाही कर रहे गिरोह को पकड़ा गया है। यह लोग कहां-कहां अवैध वसूली कर रहे थे, इस मामले की जांच की जा रही है और भागे हुए गिरोह के एक आरोपी के बारे में पूछताछ की जा रही है।

अनिल

RELATED ARTICLES

Most Popular