कानपुर (हि.स.)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय पाठक अभी भी फरार है। उनके खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार दोपहर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए है।
भ्रष्टाचार के आरोप एवं गिरफ्तारी से अब तक बचे रहने वाले विनय पाठक के खिलाफ आर्यनगर विधानसभा सीट से विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कानपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर सैकड़ों छात्रों के साथ धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। तुस्सी ग्रेट हो नाम से पोस्टर और बैनर भी पार्टी ने छपवाएं हैं।
सपा विधायक का कहना है कि प्रो.पाठक दो माह से फरार हैं। इस दौरान पद पर कायम रहते हुए वेतन भी पा रहे हैं। धरने में कैंट विधायक मो. हसन रूमी और आरएलडी के पदाधिकारी भी शामिल हैं। राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
एक-तीर से दो निशाना साध रही सपा
उल्लेखनीय है कि इस विरोध-प्रदर्शन के जरिए समाजवादी पार्टी एक-तीर से दो निशाना साध रही है। कानपुर-उन्नाव सीट पर स्नातक एमएलसी चुनाव होने हैं। नामांकन प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में पार्टी छात्रों के साथ विरोध-प्रदर्शन कर उनका ध्यान भी अपनी ओर आकर्षित कर रही है। कानपुर में सबसे ज्यादा सवा लाख स्नातक वोटर हैं, ऐसे में कानपुर में सबसे ज्यादा स्नातक युवाओं को अपने पक्ष में करना चाहती है।
अखिलेश यादव भी हैं हमलावर
ये पहला मौका नहीं है जब समाजवादी पार्टी प्रो. विनय पाठक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। इससे पहले भी लगातार अखिलेश यादव उनके खिलाफ बयानबाजी करते आ रहे हैं। विधायक इरफान सोलंकी से जेल में मिलने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान भी अखिलेश ने विनय पाठक पर हमला बोला था।
सोशल मीडिया में हो रहा प्रचार
सपा ने प्रो. विनय पाठक के पदनाम के आगे फरार कुलपति लगे पोस्टर यूनिवर्सिटी गेट पर जगह-जगह चस्पा किए हैं। सोशल मीडिया पर इसका खूब प्रचार और प्रसार किया जा रहा है।
राम बहादुर
